ऑस्ट्रेलिया में मौजूद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पिता के निधन के बाद देश लौटने से इनकार कर दिया है। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बताया कि बोर्ड ने उन्हें देश लौटने का विकल्प दिया था लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया है। सिराज ने टीम के साथ रहते हुए राष्ट्रीय कर्तव्य निभाने का फैसला किया है।
बीसीसीआई से जारी विज्ञप्ति में शाह ने कहा, ‘बीसीसीआई ने सिराज के साथ एक चर्चा की और दुख की इस घड़ी में उन्हें अपने परिवार के साथ होने के लिए भारत आने का विकल्प दिया गया।’ उन्होंने कहा, ‘इस तेज गेंदबाज ने भारतीय दल के साथ बने रहने और अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों को निभाने का फैसला किया है। बीसीसीआई उनके दुख को साझा करता है और इस बेहद चुनौतीपूर्ण समय में सिराज का समर्थन करेगा।’
उधर बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली ने त्रासदी की इस घड़ी में जीवटता और मजबूत मानसिकता दिखाने के लिए हैदराबाद के इस तेज गेंदबाज की सराहना की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘मोहम्मद सिराज को इस परिस्थिति का सामना करने के लिए मजबूती मिले। मैं इस दौरे पर उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। जबरदस्त जीवटता।’
बता दें कि एक दिन पहले ही सिराज के 53 वर्षीय पिता मोहम्मद गौस का हैदराबाद में निधन हो गया। वे फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे और अपना इलाज करवा रहे थे। जबकि सिराज इस वक्त ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया का हिस्सा हैं और क्वारंटीन में हैं।
एक क्रिकेटर के रूप में सिराज की सफलता में उनके ऑटो चालक पिता की अहम भूमिका रही, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की महत्वाकांक्षाओं का समर्थन किया।