भारत और गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज आईपीएल 2025 में नई फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। सिराज इस सीजन पावरप्ले में विरोधी टीम के लिए घातक साबित हो रहे हैं। उन्होंने ऐसा ही कुछ सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में भी किया। सिराज ने ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा को पवेलियन भेजा जिससे हैदराबाद की शुरुआत खराब रही।
वाशिंगटन का गुजरात के लिए डेब्यू
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर खेले जा रहे मैच में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि इस मुकाबले में वाशिंगटन सुंदर को डेब्यू का मौका मिला है। वह अरशद खान की जगह खेलेंगे। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने बताया कि हर्षल पटेल की जगह जयदेव उनादकट को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।
सिराज ने हैदराबाद को दिए शुरुआती झटके
पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में ट्रेविस हेड को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ आठ रन ही बना सके। सिराज और हेड का सामना इससे पहले आईपीएल में कभी नहीं हुआ था, लेकिन सिराज हेड पर भारी पड़े। इसके बाद सिराज ने अभिषेक को आउट कर हैदराबाद को दूसरा झटका दिया। वह 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
ये भी पढ़ें: Jayasuriya-Modi: जयसूर्या ने जाफना में क्रिकेट स्टेडियम बनाने के लिए मोदी से मांगी मदद, जानें पीएम ने क्या कहा
इस सीजन पावरप्ले में लिए हैं सबसे ज्यादा विकेट
सिराज इसके साथ ही इस सीजन पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। सिराज के नाम पावरप्ले में छह विकेट हो गए हैं और उन्होंने इस मामले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के शार्दुल ठाकुर को पीछे छोड़ दिया है। शार्दुल ने पावरप्ले में पांच विकेट लिए हैं। वहीं, खलील अहमद और मिचेल स्टार्क के नाम इस दौरान चार विकेट हैं।
100 आईपीएल विकेट पूरे करने वाले 12वें भारतीय तेज गेंदबाज
सिराज ने इसके साथ ही आईपीएल में 100 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। सिराज ऐसा करने वाले 12वें भारतीय तेज गेंदबाज हैं। वहीं, ओवरऑल वह 26वें गेंदबाज हैं जिन्होंने आईपीएल में 100 विकेट अपने नाम किए हैं।