एशिया कप में खराब प्रदर्शन करने वाले केएल राहुल और ऋषभ पंत को भी स्क्वॉड में शामिल किया गया है। इसको लेकर फैन्स गुस्से में हैं। वहीं, कुछ फैन्स सोशल मीडिया पर भुवनेश्वर कुमार के चुने जाने का भी विरोध कर रहे हैं। उनका मानना है कि इनकी जगह मोहम्मद शमी और संजू सैमसन को वर्ल्ड कप स्क्वॉड में चुना जाना चाहिए था।
टीम के एलान के बाद शमी और सैमसन तो ट्विटर पर ट्रेंड करने लगे। ये दोनों खिलाड़ी आईपीएल में दर्शकों के चहेते रहे थे। इन दोनों ने अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान कर दिया था। शमी आईपीएल चैंपियन गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा थे, जबकि सैमसन रनर अप राजस्थान रॉयल्स के कप्तान थे। शमी को स्टैंडबाय के तौर पर ऑस्ट्रेलिया ले जाया जा रहा है, लेकिन वह किसी के चोटिल होने पर ही 15 सदस्यीय टीम में जगह बना सकेंगे।
भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन-तीन मैचों की टी-20 सीरीज भी खेलेगी। इसके लिए शमी को तो टीम में शामिल किया गया है, लेकिन सैमसन कहीं नहीं हैं। 20 सितंबर से टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 28 सितंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलेगी।