मोहम्मद सिराज के घर पहुंचे आरसीबी के खिलाड़ी
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2023 में मोहम्मद सिराज की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का अगला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से है। इस मुकाबले से पहले सिराज ने अपने नए घर में आरसीबी की पूरी टीम को पार्टी दी। सिराज ने हैदराबाद में जुबली हिल्स, फिल्म नगर में अपना नया घर खरीदा है। इस घर में सिराज ने टीम के सभी खिलाड़ियों को पार्टी दी। इस पार्टी की तस्वीरें आरसीबी के सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की गई हैं।
एक ट्विटर यूजर ने सोशल मीडिया पर सिराज के घर में हुई पार्टी का वीडियो शेयर किया है। इस वायरल वीडियो में कोहली और फाफ डु प्लेसिस को टीम के अन्य सदस्यों के साथ सिराज के घर में प्रवेश करते देखा जा सकता है। आरसीबी ने यात्रा की तस्वीरें भी साझा कीं और लिखा "हैदराबादी बिरयानी का समय! लड़कों ने कल रात मियां के सुंदर नए घर में एक पिटस्टॉप लिया!"
आईपीएल 2023 में 12 मैच खेलने के बाद आरसीबी के फिलहाल 12 अंक हैं। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। वहीं, कोई मैच हारने पर आरसीबी की टीम प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी टीमों के मुकाबलों के नतीजे पर निर्भर होगी।
अपने अगले मैच में आरसीबी की टीम हैदराबाद के खिलाफ पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी। पिछले मुकाबले में आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स को 112 रन के विशाल अंतर से हराया था। आरसीबी का अगला मैच गुरुवार को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में है। हैदराबाद को उसके घर में हराकर आरसीबी की टीम प्लेऑफ की रेस में बने रहना चाहेगी।
राजस्थान के खिलाफ शानदार लय में थी आरसीबी की टीम
राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में आरसीबी की टीम शानदार लय में थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 171 रन बनाए। इसके बाद लक्ष्य का बचाव करते हुए राजस्थान को 10.3 ओवर में सिर्फ 59 रन पर आउट कर दिया। यह आईपीएल में राजस्थान की टीम का दूसरा सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले इस टीम ने आरसीबी के खिलाफ ही 2009 में 58 रन बनाए थे।