अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद को शुक्रवार को मैच अधिकारियों ने फटकार लगाई। इसके साथ ही शहजाद के रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया। शहजाद शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में धूम्रपान करते पाए गए थे। यह बीसीबी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.20 का उल्लंघन है। इसे खेल की भावना के विपरीत माना जाता है। इसके बाद शहजाद के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बीसीबी ने बताया कि, शहजाद ने अपना अपराध मान लिया है और मैच रेफरी नेयामुर राशिद द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया। इस वजह से औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं थी।
क्या है मामला ?
कोमिला विक्टोरियंस और मंत्री ग्रुप ढाका के बीच बीपीएल मैच शुरू होने से पहले बारिश हो रही थी। ऐसे में ढाका के कई खिलाड़ी मैच शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। शहजाद भी इनमें शामिल थे। इसी दौरान उन्होंने मैदान के अंदर ही धूम्रपान करना शुरू कर दिया। हालांकि, शुक्रवार के दोनों मैच बारिश के कारण रद्द हो गए थे, लेकिन शहजाद ने जिस तरह स्टेडियम के अंदर धूम्रपान के नियमों की धज्जियां उड़ाई। उसने काफी सुर्खियां बटोरी।