रिजवान ने कहा कि वह पुजारा को देखकर प्रेरित हुए हैं। पुजारा की तारीफ में रिजवान ने कहा कि वह काफी शांत और अच्छे स्वभाव के इंसान हैं। अगर आपको पुजारा से कुछ सीखने का मौका मिले, तो वह है उनकी एकाग्रता और फोकस। मैंने कोच को भी कहा है कि मैंने अब तक के जीवन में सिर्फ तीन लोगों को क्रिकेट को लेकर इतना एकाग्र देखा है। इसमें यूनिस भाई, फवाद आलम और पुजारा शामिल हैं।
रिजवान ने कहा- पुजारा एकाग्रता और फोकस के मामले में मेरी लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। फवाद को मैं तीसरे स्थान पर रखना चाहूंगा। मैं इन खिलाड़ियों को काफी हाई रेटेड मानता हूं। रिजवान और पुजारा ने हाल ही में ससेक्स से खेलते हुए डरहम के खिलाफ 154 रन की साझेदारी निभाई थी। इसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था। क्रिकेट फैन्स ने भारत-पाकिस्तान के बल्लेबाजों को साथ खेलते देखने को एक सुंदर लम्हा बताया था।
रिजवान ने कहा कि एक मैच में जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने पुजारा से तक्नीक को लेकर बातचीत भी की थी। इस पर पुजारा ने उन्हें बताया था कि उन्हें अपने शरीर के नजदीक गेंदों को खेलना चाहिए। बैट और उनके शरीर के बीच ज्यादा गैप होने की वजह से ही वह जल्दी आउट हो रहे। रिजवान ने कहा- हम सभी को पता है कि पिछले कुछ सालों में हमने काफी सीमित ओवर की क्रिकेट खेली है।
रिजवान ने कहा- वनडे और टी-20 में गेंदें ज्यादा स्विंग नहीं होती, इसलिए हम अपने शरीर के नजदीक नहीं खेलते। यही वजह थी कि काउंटी में मैं दो बार एक ही तरीके से आउट हुआ। पुजारा ने मुझे सलाह दी, उससे मुझे काफी खुशी हुई। इसके बाद रिजवान ने मजाक करते हुए यह भी कहा कि पुजारा ने उनसे क्या कुछ सीखा है वह पुजारा ही बता सकेंगे। रिजवान को साल 2021 के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड मिला था।