टी-20 वर्ल्डकप 2021 में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 67 रनों की पारी खेली और इस साल अपने 1000 टी-20 रन पूरे कर लिए। रिजवान दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक साल में 1000 टी-20 रन बनाए हैं। इस मामले में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने इस साल टी-20 में 826 रन बनाए हैं। इस साल बाबर और रिजवान की जोड़ी जबरदस्त फॉर्म में रही है और इन दोनों ने इस साल कई रिकॉर्ड बनाए हैं।
रिजवान ने इस साल 23 टी-20 मैच खेले हैं और सिर्फ 20 बार ही उन्हें बल्लेबाजी करना का मौका मिला है। इस दौरान उन्होंने 86.08 की औसत से कुल 1033 रन बनाए हैं और उनके बल्ले से 10 अर्धशतक के साथ एक शतक भी निकला है। रिजवान एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक साल में एक हजार से ज्यादा टी-20 रन बनाए हैं।
हर फॉर्मेट में 1000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
- टेस्ट में सबसे पहले एक हजार रन क्लेम हिल ने बनाए थे। उन्होंने 1902 में यह कारनामा किया था।
- वनडे में सबसे पहले एक हजार रन डेविड गावर ने बनाए थे। उन्होंने 1983 में यह कमाल किया था।
- टी-20 में सबसे पहले एक हजार रन मोहम्मद रिजवान ने बनाए हैं। उन्होंने 2021 में यह कारनामा किया है।
बाबर- रिजवान की जोड़ी सबसे सफल
बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने सेमीफाइनल मैच में 71 रनों की साझेदारी की। इसके साथ ही इस टूर्नामेंट में ये दोनों साथ में 402 रन बना चुके हैं। टी20 वर्ल्ड कप किसी दूसरी जोड़ी ने इतने रन नहीं बनाए हैं। वहीं बाबर अपने पहले टी-20 वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। इस वर्ल्डकप में अब तक बाबर छह मैचों में 303 रन बना चुके हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन ने उनके पहले टी-20 वर्ल्डकप में 265 रन बनाए थे।