इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर मोईन अली ने संन्यास के फैसले से वापसी कर ली है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी का एलान किया है और अब यॉर्कशायर के लिए टी20 क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, वह हंड्रेड की नीलामी में भी उतरेंगे।
2024 में लिया था क्रिकेट से संन्यास
सितंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले मोईन अली ने पिछले सीजन में वारविकशायर की ओर से टी20 ब्लास्ट के आठ ग्रुप मुकाबले खेले थे। हालांकि, वह सीजन के बीच में ही ग्लोबल सुपर लीग और कैरेबियन प्रीमियर लीग में गयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए खेलने चले गए थे, जिस कारण उन्होंने द हंड्रेड में हिस्सा नहीं लिया। दरअसल, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की नई नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) नीति से बचने के लिए मोईन को घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेना पड़ा था। अब उस फैसले को पलटते हुए वह यॉर्कशायर के साथ जुड़ गए हैं, जो उनका तीसरा काउंटी क्लब होगा। इससे पहले वह वॉर्सेस्टरशायर और वारविकशायर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
मोईन अली का बयान
यॉर्कशायर से जुड़ने पर मोईन अली ने कहा, 'टी20 ब्लास्ट के लिए यॉर्कशायर से जुड़कर मैं बेहद खुश हूं। यह एक बड़ा क्लब है जिसकी विरासत शानदार रही है, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करता है कि यह टीम किस दिशा में आगे बढ़ रही है। टीम में काफी प्रतिभा है और हेड कोच एंथनी मैक्ग्राथ के साथ काम करना मेरे लिए रोमांचक होगा। मुझे हमेशा हेडिंग्ले में खेलना पसंद रहा है। पिच, माहौल और दर्शक सब कुछ इसे खास बनाते हैं। यह मेरे लिए एक नई चुनौती है और मैं पूरी भूख और जोश के साथ यहां आया हूं। मेरा लक्ष्य अपने अनुभव से टीम को मजबूत बनाना और यॉर्कशायर को प्रतिस्पर्धी बनाना है।'