इंग्लैंड के ओपनर मोइन अली का मानना है कि टीम वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली 111 रनों की करारी हार से उबर चुका है।
टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए मैच में इंग्लैंड के लिए कुछ भी ठीक नहीं रहा था। टीम ने ऑस्ट्रेलिया के ऐरोन फिंच का मैच की पांचवीं गेंद पर ही कैच छोड़ दिया था जिन्होंने बाद में शतकीय योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया ने नौ विकेट पर 342 रनों का स्कोर खड़ा किया और उसके बाद इंग्लैंड को 231 रनों पर आउट कर दिया।
मोइन अली ने कहा कि स्वाभाविक रूप से हम निराश थे लेकिन हमने इस पर काबू पा लिया है। इंग्लैंड की टीम को अब पूल-ए के अपने अगले मुकाबले में संयुक्त मेजबान न्यूजीलैंड से वेलिंगटन में भिड़ना है। उन्होंने कहा, "हमें अब आगे देखना है, अगला मैच हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमारे पास अभी उबरने और क्वार्टर फाइनल में सीट पक्की करने का समय है। यह सिर्फ एक मैच में हार की बात है और वर्ल्ड कप का निर्णय एक मैच पर नहीं होता। अभी लंबा समय है।"
सभी 14 टीमों को पहले दौर में छह मैच खेलने हैं। न्यूजीलैंड की टीम भी खिताब की दावेदारों में शामिल हैं और मोइन यह जानते हैं कि चीजें इंग्लैंड के लिए आसान नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने एक उच्च स्तरीय मानक बना रखा है और न्यूजीलैंड की चुनौती वैसी ही मुश्किल है। हमें अपने खेल का स्तर उठाना होगा। यह बताता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौती कितनी कठिन है और बड़े टूर्नामेंट में हमें इसके लिए तैयार रहना होगा।