मैच में क्या हुआ?
एमआई न्यूयॉर्क के कप्तान निकोलस पूरन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सिएटल की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 183 रन बनाए। उसके लिए विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक ने सबसे ज्यादा 87 रन बनाए। उन्होंने 52 गेंद की पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। शुभम रंजने ने 29, ड्वेन प्रीटोरियस ने 21 और शेहान जयसूर्या ने 16 रन बनाए। इन चारों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। एमआई न्यूयॉर्क के लिए ट्रेंट बोल्ट और राशिद खान ने तीन-तीन विकेट लिए।
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई न्यूयॉर्क की टीम ने 16 ओवर में ही मैच को जीत लिया। उसने तीन विकेट के नुकसान पर ही 184 रन बना लिए। उसकी शुरुआत काफी खराब रही। इमाद वसीम ने पहले ही ओवर में स्टीवन टेलर (शून्य) को आउट कर दिया। शायन जहांगीर ने कप्तान पूरन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। वह 10 रन बनाकर वेन पार्नेल की गेंद पर आउट हुए। यहां से पूरन को डेवाल्ड ब्रेविस का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। ब्रेविस 20 रन बनाकर रनआउट हुए। उनके आउट होने के बाद पूरन ने टिम डेविड के साथ मिलकर मैच को समाप्त कर दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 47 रन की साझेदारी की। टिम डेविड ने नाबाद 10 रन बनाए।