आंध्र के किसान ने टमाटर बेचकर कमाए तीन करोड़
देश में टमाटर की बढ़ती कीमतों के बीच चित्तूर जिले के करकमंदा गांव के किसान चंद्रमौली ने इसकी बिक्री कर तीन करोड़ रुपये कमाने का दावा किया है। उसने 22 एकड़ में टमाटर की खेती की थी। दावा है कि 20 लाख रुपये. कमीशन और 10 लाख रुपये परिवहन और अन्य मदों पर हुए खर्चों के बाद तीन करोड़ रुपये उसकी शुद्ध आय है।
चंद्रमौली ने कहा, इससे पहले उसका परिवार कई बार टमाटर की फसल में नुकसान उठा चुका था। उसने 15 किलो के बॉक्स 1,000 से 1,500 रुपये के बीच बेचे। वह करीब 40,000 बॉक्स बेच चुका है।
बंगाल : पीट-पीटकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या
बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के घोरमारा इलाके में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता खातून बेवा (64) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। महिला का गुनाह केवल इतना था कि वह तृणमूल कांग्रेस समर्थित कुछ उपद्रवियों को गाली देने से रोक रही थी। हत्या का आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा है।
मृतका के छोटे भाई बिलाल मंडल ने बताया कि पड़ोसियों के बीच झगड़े के बाद तृणमूल के उपद्रवियों ने रविवार सुबह उनके घर के सामने गालियां देना शुरू कर दिया। जैसे ही मेरी बड़ी बहन ने विरोध किया, उन्होंने उसे पीट-पीटकर मार डाला। बिलाल ने कहा कि उसकी बहन कट्टर कांग्रेस समर्थक होने के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और स्थानीय लोकसभा सांसद अधीर रंजन चौधरी की प्रबल समर्थक भी थीं। दूसरी ओर, जिला तृणमूल कांग्रेस के नेता अशोक दास ने आरोपों से इन्कार किया और दावा किया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना पड़ोसियों के बीच झगड़े का नतीजा थी।
हैदराबाद : महिला कर्मचारी का पीछा करने पर पुलिस अधीक्षक के खिलाफ केस
तेलंगाना में एक पुलिस अधीक्षक पर सरकारी बिजली वितरण कंपनी में कार्यरत महिला का पीछा करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि चैतन्यपुरी पुलिस स्टेशन में महिला की शिकायत के आधार पर अपराध जांच विभाग के पुलिस अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला ने शिकायत में कहा कि जब वह शहर के सरूरनगर स्टेडियम में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रही थी तो अधिकारी ने उसे बताया कि वे इसके लिए कक्षाएं आयोजित कर रहे हैं। अधिकारी ने महिला को कक्षा में आने के लिए कहा। महिला ने कहा, वह एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थे, इसलिए वह कक्षा में भाग लेने के लिए तैयार हो गई। शिकायत के मुताबिक, अधिकारी ने उसका फोन नंबर भी ले लिया।
रोमांस वाले पुराने हिंदी गानों के वीडियो भेजता था
महिला ने कहा, अधिकारी उसे कोटेशन, रोमांस वाले पुराने हिंदी गाने और विभिन्न प्रकार की साड़ियों वाले वीडियो भेजता था।
झारखंड : राष्ट्रीय ध्वज के साथ छेड़छाड़, 18 के खिलाफ एफआईआर
पलामू जिले में चैनपुर पुलिस थाना क्षेत्र में मुहर्रम जुलूस के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में 18 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि मुहर्रम जुलूस के शाहपुर, कल्याणपुर और कंकारी जैसे इलाकों से गुजरते समय यह घटना घटी। जुलूस के दौरान डीजे बजाया गया और राष्ट्रीय ध्वज लहराया गया। इस दौरान ध्वज के साथ छेड़छाड़ की गई। ध्वज से अशोक चक्र गायब कर दिया गया था। उसके स्थान पर उर्दू में कुछ शब्द लिखे गए थे और नीचे तलवार का निशान था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की।
विजयवाड़ा मंडल के 11 स्टेशनों का होगा कायाकल्प
दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) जोन के विजयवाड़ा डिवीजन के तहत ग्यारह रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जाएगा। विजयवाड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक नरेंद्र आनंदराव पाटिल ने कहा कि ये स्टेशन पहले चरण के तहत विकसित होंगे। पाटिल ने यात्रियों से, इस योजना के तहत इन स्टेशनों को कैसे विकसित किया जाए, इस पर सुझाव देने का भी अनुरोध किया। उन्होंने 3 अगस्त तक सुझाव प्राप्त करने के लिए स्टेशन से जुड़े ईमेल पते और ट्विटर हैशटैग साझा किए हैं।
एक्सेल रियल्टी सहित पांच पर लगा प्रतिबंध
पूंजी बाजार नियामक सेबी ने एक्सेल रियल्टी एन इन्फ्रा और इसके प्रवर्तक समेत पांच पर शेयर बाजार में कारोबार करने पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है। इन पर 1.75 करोड़ का जुर्माना लगाया है। ये सभी कंपनी के वित्तीय विवरणों में हेराफेरी कर रहे थे। सेबी ने आदेश में कहा, एक्सेल चेयरमैन लखमेंद्र खुराना, रंजना खुराना व अर्पित खुराना के साथ प्रमोद कोकाटे पर प्रतिबंध लगाया जाता है। अप्रैल, 2016 से मार्च, 2021 के बीच कंपनी की जांच हुई थी।
बिष्णुपुर में फायरिंग में 12 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल
मणिपुर के विष्णुपुर जिले के क्वाकटा नगर परिषद क्षेत्र में उपद्रवियों की गोलीबारी में तीसरी कक्षा की एक छात्रा (12) घायल हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि घायल बच्ची की पहचान सलीमा के रूप में हुई है। सलीमा बिष्णुपुर के क्वाकटा गांव स्थित रेडियंट पब्लिक स्कूल में तीसरी की छात्रा है। उसकी पीठ पर दाहिनी ओर गोली लगी थी। घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की है।