भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने शनिवार (तीन दिसंबर) को अपना 40वां जन्मदिन मनाया। मिताली को बधाई देने का सिलसिला दिन भर चलता रहा। भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना से लेकर आईसीसी तक ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसी बीच, जन्मदिन पर मिताली ने अपने एक काम से अपने फैंस का दिल फिर से जीत लिया।
मिताली ने अपने जन्मदिन पर लोगों को खाना खिलाने का काम किया। मिताली ने बताया कि उन्होंने जन्मदिन पर 'अन्न दानम' किया। मिताली ने लिखा, ''मैंने जन्मदिन के अवसर पर अन्ना दानम किया। यह इन लोगों के चेहरों की मुस्कान है जिसने मेरा दिन रोशन कर दिया।'' मिताली ने इसी साल आठ जून को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था।
मिताली ने इसी साल न्यूजीलैंड में हुए महिला वनडे विश्व कप में अपना आखिरी मैच खेला था। उन्होंने टूर्नामेंट में सात मैचों में 26 की औसत और 62.97 के स्ट्राइक रेट से 182 रन बनाए थे। हालांकि, वह टीम इंडिया को खिताब नहीं दिला पाईं। मिताली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और उसमें 68 रन की पारी खेली थी। भारतीय टीम राउंड रॉबिन फॉर्मेट से ही बाहर हो गई थी।
मिताली वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज हैं। उन्होंने 232 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 50.68 की औसत से 7805 रन बनाए। इसके अलावा मिताली ने 12 टेस्ट मैच भी खेले हैं। इसमें उन्होंने 19 पारियों में 43.68 की औसत से 699 रन बनाए। वहीं, 89 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 2364 रन हैं। इसमें उनकी औसत 37.52 की रही। मिताली ने वनडे में आठ विकेट भी झटके हैं।
मिताली ने 1999 में 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। जल्द ही अपने दम पर वह दुनिया की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बन गईं। मिताली ने वनडे फॉर्मेट में डेब्यू किया था और आयरलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही शतक लगाया था। अब उन्होंने वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर के रूप में करियर का अंत किया है।