भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज 2017 आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में यादगार रिकॉर्ड बनाने से चूक गईं। वो वर्ल्ड कप जीतने के अपने सपने को पूरा नहीं कर सकी और साथ ही विशेष उपलब्धि भी हासिल करने से चूक गईं।
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में मिताली 17 रन बनाकर रनआउट हो गईं। उन्होंने अपनी पारी में तीन दर्शनीय चौके जमाए, लेकिन वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड से केवल दो रनों से चूक गईं।
मिताली ने मौजूदा टूर्नामेंट में 9 मैच खेले, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतकों की मदद से 409 रन बनाए। 34 वर्षीया मिताली का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 109 रन रहा। इस दौरान उनकी औसत 45.44 की रही जबकि स्ट्राइक रेट 70.15 का रहा। वो टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर रहीं।
इंग्लैंड की ओपनर टैमी बीयूमोंट टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शीर्ष स्थान पर रहीं। दाएं हाथ की बल्लेबाज ने 9 मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 410 रन बनाए। बीयूमोंट का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 148 रन रहा जबकि उनकी औसत 45.55 और स्ट्राइक रेट 76.92 का रहा।
Good news for @Tammy_Beaumont - #MithaliRaj walks back to the pavillion on 409 tournament runs - one run behind the #WWC17 top scorer! pic.twitter.com/yCxBGx4qnt
— ICC (@ICC) July 23, 2017
2017 महिला वर्ल्ड कप में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिसा पैरी रही, जिन्होंने 8 मैचों में 5 अर्धशतकों की मदद से 404 रन बनाए। उनकी औसत 80.80 और स्ट्राइक रेट 77.54 का रहा। पैरी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 71 रन रहा।