2017 आईसीसी महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचकर फैंस के दिल में अपनी स्पेशल जगह बनाने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में नजर आएंगी। इस शो की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिसका प्रसारण अगले महीने यानी 1 सितम्बर को सोनी टीवी पर होगा।
इस शो में महिला टीम की कप्तान मिताली राज सहित अन्य छह खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सामाजिक सरोकार के लिए सातों खिलाड़ियों ने केबीसी के सेलेब्रिटी एपिसोड में हिस्सा लिया और कुल 6 लाख 40 हजार रुपए जीते। जीती हुई रकम हैदराबाद की सामाजिक संस्था प्रयास को दी जाएगी।
महिलाओं के अत्याचार के खिलाफ काम करने वाली इस संस्था की ब्रांड एम्बेसेडर मिताली राज ही हैं। इस संस्था को आर्थिक रूप से और मजबूत करने का फैसला जब मिताली ने लिया तो उनके साथ टीम की छह अन्य खिलाड़ी भी सहयोग करने के लिए आगे आईं। बता दें कि महिला क्रिकेट टीम की फैन लिस्ट में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन शामिल हैं। केबीसी की ओर से महिला टीम की खिलाड़ियों को सेलिब्रिटी एपिसोड में खेलने के लिए बुलाया गया।
मिताली को दोबारा मिला मौका
किताब लेकर स्टेडियम पहुंची मिताली
- फोटो : twitter
बिग बी ने पूजा-पाठ करके जब केबीसी की शूटिंग फिल्मसिटी में बने सेट पर शुरू की तो उसके दूसरे दिन महिला क्रिकेट टीम के सात खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया। इसमें मिताली के साथ हरमनप्रीत कौर, वेदा कृष्णामूर्ति, स्मृति मंधाना, पूनम राउत, झूलन गोस्वामी और दीप्ति शर्मा शामिल हुईं।
इस टीम के खेलने से पहले हॉट सीट पर बैठकर बिहार की नेहा शर्मा 25 लाख रूपए जीत चुकी थीं। बिग बी ने सबसे पहले महिला टीम की तारीफ करते हुए सातों खिलाड़ियों का परिचय दिया। इसके बाद दो–दो की टीम में सातों खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला। आखिरी खिलाड़ी के साथ मिताली ने दोबारा खेला।
हरमनप्रीत कौर ने कहा कि अमिताभ बच्चन बहुत ही अच्छे व्यक्ति हैं। हम उनकी पोतियों की उम्र की हैं। हम सेट्स पर करीब दो से तीन घंटे रहे, लेकिन कभी ऐसा नहीं लगा कि किसी दिग्गज सेलेब्रिटी के सामने बैठे हैं। उनका व्यक्तित्व ही सबसे जुदा है। वहीं तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने कहा, 'केबीसी में जाने का अनुभव शानदार रहा। हम पहले कभी अमिताभ सर से नहीं मिले थे इसलिए अति उत्साहित थे। उन्होंने हमारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया और हम सभी को चौंकाया जब कहा कि वो हमारे मैच फॉलो करते आए हैं और हम सभी को नाम से पुकारा।'