फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champions Trophy: चैंपियंस ट्रॉफी से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, चोट की वजह से यह स्टार ऑलराउंडर हुआ बाहर

Fri, 31 Jan 2025 12:43 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी

सार

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने बताया कि मार्श के कमर में समस्या है। इसको लेकर वह भारतीय सीरीज के दौरान ही जूझते दिखे थे। हालांकि, अभी यह समस्या बढ़ गई है।
विज्ञापन
मार्श-कमिंस - फोटो : instagram
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होने में अब बस कुछ ही दिनों का वक्त बचा है। उससे पहले विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर मिचेल मार्श चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने इसकी पुष्टि की है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 13 जनवरी को टीम का एलान किया था। हालांकि, अभी तक मार्श के रिप्लेसमेंट का एलान नहीं किया गया है। चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 19 फरवरी से होने जा रही है। ऑस्ट्रेलिया अपने अभियान की शुरुआत 22 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ लाहौर में करेगा।
विज्ञापन

मार्श के कमर में समस्या
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने बताया कि मार्श के कमर में समस्या है। इसको लेकर वह भारतीय सीरीज के दौरान ही जूझते दिखे थे। हालांकि, अभी यह समस्या बढ़ गई है। मार्श को भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान आखिरी टेस्ट से भी बाहर किया गया था। वह बिग बैश लीग में अपनी टीम पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए भी एक भी मैच नहीं खेले थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, 33 साल के मार्श बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर से गुजर रहे हैं। पिछले कुछ समय से वह रिहैब में हैं, लेकिन इस दौरान उनकी समस्या और बढ़ गई है। सीए ने कहा- राष्ट्रीय चयन समिति और ऑस्ट्रलियाई पुरुष मेडिकल टीम ने मार्श को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। अब वह वापसी के लिए जरूरी आराम करेंगे और रिहैब से गुजरेंगे।

कमिंस के खेलने पर भी सस्पेंस
ऑस्ट्रेलियाई टीम जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट का एलान सकती है। टीम में बदलाव करने की आखिरी तारीख 12 फरवरी है। ऐसे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय चयन समिति के पास काफी समय है। ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल चोटों से जूझ रही है। कप्तान पैट कमिंस खुद चोटिल हैं। उनके टखने में चोट है और साथ ही उनकी पत्नी बेकी दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली हैं। ऐसे में अगर कमिंस नहीं खेलते तो मार्श को टीम की कमान सौंपी जा सकती थी। हालांकि, अब मार्श खुद बाहर हो चुके हैं। कमिंस के चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने पर भी संशय बरकरार है। अगर वह भी बाहर होते हैं तो स्टीव स्मिथ को कमान सौंपी जा सकती है। स्मिथ फिलहाल श्रीलंका दौरे पर टीम की कमान भी संभाल रहे हैं। वहीं, मौजूदा टेस्ट उपकप्तान ट्रेविस हेड कप्तानी के एक अन्य विकल्प होंगे। 

क्या आईपीएल में खेलेंगे मार्श?
मार्श की चोट कितनी गंभीर है, यह तो समय ही बताएगा, लेकिन उनके आईपीएल में खेलने पर भी संशय है। पिछले साल मेगा नीलामी में उन्हें लखनऊ सुपरजाएंट्स की टीम ने 3.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके साथ ही उनके जून में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी खेलने पर सस्पेंस है। ऑस्ट्रेलियाई टीम जून में डब्ल्यूटीसी के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगी। हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद होगी कि तब तक कैमरन ग्रीन फिट हो जाएंगे। ग्रीन फिलहाल खुद बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर से गुजर रहे हैं।

दो बार चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुका है ऑस्ट्रेलिया
चैंपियंस ट्रॉफी का यह नौवां संस्करण है। ऑस्ट्रेलियाई टीम दो बार इसकी विजेता रह चुकी है। कंगारुओं ने 2006 और 2009 में यह टूर्नामेंट जीता था। 2006 में उसने फाइनल में वेस्टइंडीज और 2009 में न्यूजीलैंड को हराया था। इस टीम को ग्रुप-बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और अफगानिस्तान के साथ रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया का पहला मुकाबला 22 फरवरी को लाहौर में इंग्लैंड से है। वहीं, 25 फरवरी को टीम दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। 28 फरवरी को ऑस्ट्रेलियाई टीम अफगानिस्तान से लाहौर में भिड़ेगी।
विज्ञापन

चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम इस प्रकार है...
पैट कमिंस (कप्तान), एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, आरोन हार्डी, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, एडम जैम्पा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें