भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के शीर्ष अधिकारी चैंपियंस लीग टी-20 को और रोमांचक बनाने पर विचार कर रहे हैं। बीसीसीआई के अलावा दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट बोर्डों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित चैंपियंस लीग को प्रायोजक भी ज्यादा नहीं मिल रहे हैं और क्रिकेटप्रेमियों में इसकी लोकप्रियता भी घटी है जिस कारण इसको लेकर नई योजनाओं पर विचार हो रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार इस साल चैंपियंस लीग की जगह यूएई में मिनी आईपीएल खेला जा सकता है। बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर का कहना है कि अभी हम योजनाओं पर विचार कर रहे हैं। कुछ भी अंतिम तौर पर तय नहीं हुआ है। ये सब मीडिया की अटकलें हैं। अभी चैंपियंस लीग पर हमें बैठक करनी है कि इसे कैसे और बेहतर बनाया जाए या इसकी जगह कुछ और शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि हमने अभी आईपीएल का सफलतापूर्वक आयोजन किया है। यदि चैंपियंस लीग दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पा रही तो यह क्रिकेट के हित में होगा कि हम बदलाव करें जैसे टेस्ट क्रिकेट के बाद वनडे, टी-20 या आईपीएल आया। समय के साथ आपको बदलाव करना पड़ता है ताकि खेल खत्म न हो जाए। कोई भी नहीं चाहता कि उसके उत्पाद को नुकसान हो। यदि आपका टूर्नामेंट सफल होगा तो आपको प्रायोजक मिलेंगे अन्यथा नहीं।
बीसीसीआई सचिव की तरह आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने समाचार पत्रों की सर्कुलेशन की मिसाल दी कि अगर किसी अखबार की सर्कूलेशन गिरती है तो वह नई रणनीतियों पर विचार करता है। इसी तरह चैंपियंस लीग यदि उम्मीदों के मुताबिक नहीं चल रही तो हमें इस पर पुनर्विचार करना होगा।