पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच मिकी आर्थर ने बॉल टेंपरिंग विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ियों को असभ्य और अभिमानी करार दिया है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड पर भी उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि बोर्ड खुद अपने यहां खेल संस्कृति में सुधार नहीं करना चाहता है।
बता दें कि
दक्षिण अफ्रीकी मूल के मिकी आर्थर ऑस्ट्रेलिया के पहले विदेश कोच थे। उन्हें 2013 एशेज सीरीज से पहले कोच के पद से मुक्त करके
डेरेन लेहमन को कोच नियुक्त कर दिया था।
बॉल टेंपरिंग विवाद पर आर्थर ने एक वेबसाइट के लिए लिखा है कि जब क्रिकेट की दुनिया में खिलाड़ियों की पीढ़ी में बदलाव आ रहा है, स्वतंत्र समीक्षा हो रही लेकिन इसके बावजूद ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड अपनी संस्कृति को बदलने के लिए तैयार नहीं दिखाई दे रहा है।
उन्होंने लिखा है कि मैं बीते कुछ सालों से ऑस्ट्रेलिया टीम को देखकर हैरान हूं। इस टीम के खिलाड़ियों का व्यवहार असभ्य और अभिमानी है। यह बहुत ही निराशाजनक है कि बॉल टेंपरिंग विवाद में तीन खिलाड़ियों की भूमिका अहम रही और उन्हें इसकी सजा मिली। लेकिन एक दिन आएगा जब ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट फिर सही रास्ते पर लौटेगा।