तीन दिन पहले आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के मुख्य कोच से बर्खास्त किए जाने के बाद मिकी आर्थर को एक और गहरा झटका लगा है।
पूर्व कोच आर्थर की मां लीन का बुधवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं।
आर्थर ने इसकी सूचना देते हुए कहा, ‘पारिवारिक रूप से यह समय मेरे लिए ठीक नहीं है लेकिन आप जानते हैं कि जो होना होता है वह होकर ही रहता है।’
हालांकि आर्थर को अपनी मां की बेहद नाजुक स्थिति का पता चल गया था जिसके बाद वह दुबई के रास्ते दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हो चुके थे।
एशेज सीरीज शुरू होने से कुछ हफ्ते पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कोच पद से बर्खास्त किए गए आर्थर इस समय क्रिकेट के बारे में नहीं सोच रहे होंगे।
कोच पद से बर्खास्त होने के बाद आर्थर ने कहा था 'मैं इससे बेहद निराश हूं। हमने एशेज के लिए योजना बना रखी थी।'
आर्थर ऑस्ट्रेलिया से पूर्व दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रीय कोच रहे हैं।