पांच मैच की सीरीज के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। हैमिल्टन में गुरुवार को खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से जीत हासिल की। टीम इंडिया इस मैच में 92 रनों पर ढ़ेर हुई और उसे गेंद शेष रहते सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी।
इस हार के बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारतीय टीम की जमकर आलोचना की लेकिन, उन्होंने यह सोचा भी नहीं था कि उनका दांव उल्टा पड़ेगा और फैंस उनकी ही खिंचाई कर देंगे।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने ट्वीट कर लिखा, '92 ऑल आउट भारत... यकीन नहीं होता कि कोई भी टीम इन दिनों 100 से कम में आउट हो गई। !!!!!!'
वॉन के इस ट्वीट पर भारतीय फैंस भड़क गए और उन्होंने वॉन को याद दिलाया कि पिछले दिनों ही वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड की पारी मात्र 77 रनों पर सिमट गई थी। फैंस ने यह भी याद दिलाया कि इंग्लैंड की टीम के सभी प्रमुख खिलाड़ी मौजूद थे जबकि टीम इंडिया इस मैच में विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और जसप्रीत बुमराह जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के बगैर मैदान में उतरी थी।