श्रीलंका के खिलाफ जारी पांच मैचों की वन-डे सीरीज के तीसरे और चौथे मैच के लिए नियमित कप्तान माइकल क्लार्क, डेविड वार्नर और मैथ्यू वेड ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल हो गए हैं। तीनों को सीरीज के शुरुआती दो मैचों के लिए आराम दिया गया था जिसके पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 107 रन से जीत मिली तो दूसरे में उसे आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
ऑलराउंडर मोएसिस हेनरिक्स भी टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं। इस बीच आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, आलराउंड स्टीव स्मिथ और तेज गेंदबाज बेन कटिंग को टीम से बाहर कर दिया गया है।
विकेटकीपर ब्रैड हैडिन भी हैमस्ट्रिंग के कारण बाहर हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ क्लीन स्वीप किया था।