न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ 16 मार्च से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम घोषित कर दी है। न्यूजीलैंड ने आईपीएल को ध्यान में रखते हुए टी20 में नियमित रूप से खेलने वाले खिलाड़ियों को विश्राम दिया है। आईपीएल 2025 की शुरुआत 22 मार्च से होगी जिसमें कीवी टीम के कई खिलाड़ी अलग-अलग फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करेंगे। मालूम हो कि हाल ही में न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
सैंटनर को मिला आराम
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए मिचेल सैंटनर को भी आराम दिया गया है और उनकी जगह माइकल ब्रेसवेल को कमान सौंपी गई है। ब्रेसवेल के अलावा चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने वाले छह अन्य खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी गई है। डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र और सीमित ओवरों की टीम के कप्तान सैंटनर आईपीएल में अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।
विलियमसन ने खुद को अनुपलब्ध बताया था
काइल जैमीसन और विल ओ रुर्के को केवल सीरीज के पहले तीन मैचों के लिए शामिल किया गया है, क्योंकि चयनकर्ता चैंपियंस ट्रॉफी से लौटने वाले तेज गेंदबाजों के कार्यभार का प्रबंधन करना चाहते हैं। चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ फाइनल में नहीं खेल पाने वाले तेज गेंदबाज मैट हेनरी को चौथे और पांचवें मैच के लिए टीम में चुना गया है, जबकि केन विलियमसन के खुद को अनुपलब्ध बताने के बाद चयन के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किया गया।
पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम इस प्रकार है:
माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स (चौथे और पांचवें मैच के लिए), मैट हेनरी (चौथे और पांचवें मैच के लिए), काइल जैमीसन (पहले तीन मैच के लिए), मिच हे, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, विलियम ओ रुर्के (पहले तीन मैच के लिए), टिम रॉबिन्सन, बेन सियर्स, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी।