मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स के मैच में दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी। इस मैच में हार मुंबई के लिए प्लेऑफ की राह लगभग बंद कर देगी। वहीं लखनऊ की टीम जीत के साथ अंक तालिका की शुरुआती चार टीमों में जगह बनाना चाहेगी। कप्तान रोहित को छोड़कर मुंबई के बाकी बल्लेबाज लय में आ चुके हैं। वहीं लखनऊ की बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों बेहतरीन लय में हैं। बल्लेबाजी दोनों टीमों की मजबूती रही है। वहीं ब्रेबॉर्न की पिच बल्लेबाजों की मददगार रही है। ऐसे में इस मैच में एक बार फिर बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है।
ब्रेबॉर्न की पिच से शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है। ऐसे में तेज गेंदबाजों की अहमियत भी काफी ज्यादा रहने वाली है। मुंबई के पास बुमराह और लखनऊ के पास आवेश खान के रूप में बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं, जो पिच का फायदा उठाकर विपक्षी टीम को झटके दे सकते हैं।
कैसा रहेगा मौसम
शनिवार के दिन मुंबई का तापमान 30 डिग्री के करीब रहेगा। वहीं, रात में यह गिरकर 27 डिग्री तक जा सकता है। शुरुआत में खिलाड़ियों को गर्मी से परेशानी हो सकती है, लेकिन बाद में आराम मिलेगा। पूरे दिन आसमान साफ रहेगा। बारिश की संभावना सिर्फ सात फीसदी है। हालांकि, नमी 72 फीसदी के करीब रहेगी और रात में बढ़कर 77 फीसदी हो जाएगी। इस वजह से ओस का प्रभाव ज्यादा हो सकता है। मैदान में ओस का असर कम करने के लिए अस्पा 80 का प्रयोग किया जा सकता है।
कैसी रहेगी पिच
ब्रेबॉर्न स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों की मददगार रहती है और इस सीजन में भी अब तक ऐसी ही दिखा है। यहां कुल पांच मैच खेले गए हैं और सभी में बड़ा स्कोर बना है। इस सीजन पहली पारी का न्यूनतम स्कोर 177 रहा है। इस पिच से शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजी बहुत आसान हो जाती है और बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट लगा सकते हैं। इसी वजह से यहां रन बनाना आसान रहता है। इस मैच में भी बड़ा स्कोर बनने की संभावना काफी ज्यादा है।
हालांकि, बल्लेबाजों को शुरुआत में संभलकर खेलना होगा, क्योंकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी। वहीं बाद के ओवरों में बल्लेबाजी आसान होगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
लखनऊ की संभावित टीम
केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुड्डा, आयुष बदोनी, क्रुणाल पांड्या, जेसन होल्डर, कृष्णप्पा गौतम, दुष्मंथा चमीरा, रवि बिश्नोई, आवेश खान।
मुंबई की संभावित टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, जयदेव उनादकट, मुरुगन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, टायमल मिल्स/राइली मेरिडिथ, बासिल थम्पी।