पाकिस्तान में क्रिकेट को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है और यह खेल यहां के लोगों के दिल और दिमाग पर छाया रहता है। पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में पहली बार एक पाकिस्तानी सिख खिलाड़ी को स्थान दिया गया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, लाहौर के ननकाना साहिब के महिंदर पाल सिंह देश के 30 उभरते हुए क्रिकेटरों की सूची में शामिल है।
जिओ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान टीम में क्रिश्चियन और हिंदू खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया है लेकिन यह पहली बार है जब किसी सिख ने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में स्थान हासिल किया है।
सात गैर मुस्लिम खिलाड़ी कर चुके हैं पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व
क्रिकेट
- फोटो : getty
सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो में सिंह ने पाकिस्तान को और अधिक गौरवान्वित करने की इच्छा जताई है। उन्होंने अपने कोच तथा पीसीबी के चेयरमैन शहरयार खान का भी धन्यवाद दिया है।रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास में अब तक सात गैर मुस्लिम क्रिकेटरों ने देश का प्रतिनिधित्व किया है। महिंदर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने वाले आठवें गैर मुस्लिम क्रिकेटर और पहले पाकिस्तानी सिख हैं। पाकिस्तान मुस्लिम बहुल देश है।
इससे पहले पाकिस्तान टीम में वलीस मथियास, डंकन शार्प, अंताओ डीसूजा, अनिल दलपाट, सोहेल फजल, दानिश कनेरिया और यूसुफ योहाना (मोहम्मद यूसुफ) जैसे गैर मुस्लिम क्रिकेटर पाकिस्तान टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।सिंह ने एक ट्वीट कर कहा, ‘मैं पाकिस्तान क्रिकेट अकादमी में चुने जाने पर बेहद गर्व महसूस कर रहा हूं। मैं अपने देश के पूरे सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व करने पर भी बेहद गौरवान्वित हूं।’ गत अगस्त में महिंदर ने पाकिस्तान में खेले जाने वाले स्पोर्ट्स फेस्टिवल में सिखों की एक टीम ‘खालसा इलेवन’ का नेतृत्व किया था।