फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कंगारुओं के पलटवार को तैयार रहे टीम इंडिया

Fri, 01 Mar 2013 03:08 PM IST
हैदराबाद/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
चेन्नई में ऑस्ट्रेलियन टीम पर धोनी एंड कंपनी के जीत की खुमारी अब पूरी हो चुकी है। टीम इंडिया की अगली चुनौती कंगारू टीम को हैदराबाद में भी रोकने की होगी। ऑस्ट्रेलियन टीम के बारे में कहा जाता है कि यह टीम जबरदस्त पलटवार करती है। हार के बाद जितनी खतरनाक ऑस्ट्रेलियन टीम होती है शायद ही कोई टीम उसका मुकाबला कर पाए। हालांकि टीम इंडिया ने जिस तरह चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया को हराया उसके बाद टीम को मनोबल कई गुना बढ़ गया है।
विज्ञापन


भारत जब शनिवार को हैदराबाद में दूसरे टेस्ट के लिए मैदान पर उतरेगा तो उसका एकमात्र लक्ष्य विजयी रथ को आगे ले जाना होगा जबकि हार से निराश ऑस्ट्रेलियन का मेजबानों पर पलटवार कर बदला लेना होगा।

धोनी के इरादे साफ
कप्तान धोनी चेन्नई टेस्ट में दोहरा शतक जमाकर आलोचकों का मुंह बंद कर चुके हैं और उनके इरादे साफ नजर आ रहे हैं कि वह हैदराबाद में भी अपनी कप्तानी का लोहा मनवा कर रहेंगे। धोनी की रणनीति और उनकी समझदारी यदि हैदराबाद में भी सटीक बैठती है तो उनके लिए यहां भी कंगारुओं को धूल चटाना कठिन नहीं होगा।
विज्ञापन


हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम को कहीं से भी कम नहीं आंका जा सकता है। हैदराबाद में ऑस्ट्रेलियाई टीम का मकसद न सिर्फ मेजबानों पर पलटवार करना होगा बल्कि वह सीरीज पर अपनी खोई हुई पकड़ को वापिस कसने का पूरा प्रयास करेगी। दूसरे मुकाबले से पहले हैदराबाद में जमकर अभ्यास कर रहे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने जहां यहां की पिच पर संतोष जताया है वहीं साफ किया है कि उन्हें उम्मीद है कि चेन्नई से उलट इस पिच पर उनके गेंदबाजों के लिए करने को काफी कुछ होगा।

स्पिनरों पर रहेगा दारोमदार
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की ही तरह भारतीय गेंदबाजों को भी चेन्नई का प्रदर्शन हैदराबाद में भी दोहराने की पूरी उम्मीद है। पिछले मुकाबले में कप्तान धोनी के अलावा यदि किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन यादगार था तो वह थे रविचंद्रन अश्विन के कुल 12 विकेट। अश्विन सहित अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह और रवींद्र जडेजा से हैदराबाद में एक बार फिर बढ़िया प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है।

हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में सबसे सफल गेंदबाज रहे प्रज्ञान ओझा को लेकर अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है। पिछले मुकाबले में कोई कमाल नहीं कर सके इशांत शर्मा और युवा खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार से भी हैदराबाद में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को परेशान करने की उम्मीद की जा सकती है।

इन बल्लेबाजों पर रहेगी नजर
धोनी के अलावा हैदराबाद में जिन बल्लेबाजों पर सभी की निगाहें रहेंगी वह हैं टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर। सचिन ने पिछले मुकाबले में बेहतरीन 81 रनों की पारी खेली थी जबकि युवा बल्लेबाज विराट कोहली ने भी अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए शानदार शतक लगाया था। टीम इंडिया के नए उभरते हुए बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा पहले ही पिछली पारियों की बदौलत अपनी नई पहचान बना चुके हैं।

टीम के अन्य अनुभवी खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग और ओपनिंग बल्लेबाज मुरली विजय ने भले ही निराश किया हो लेकिन इन बल्लेबाजों को हमेशा ही बड़े उलटफेर के लिए जाना जाता है। ऐसे में टीम इंडिया का बल्लेबाजी क्रम मजबूत और काफी संतुलित दिखाई दे रहा है।

कंगारुओं की मुसीबत स्पिन गेंदबाजी
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई टीम में इस समय जोर शोर से इस बात पर मंथन चल रहा है कि हैदराबाद में दो स्पिनरों को उतारा जाए या नहीं। यदि ऑस्ट्रेलियाई टीम में दो स्पिनरों को उतारे जाने का निर्णय लिया जाता है तो नाथन लियोन के अलावा जेवियर डोहार्ती मैदान पर दिख सकते हैं। पिछले मुकाबले में कुल छह विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे जेम्स पैंटिंसन और कुल चार विकेट लेने वाले लियोन के अलावा यदि मिशेल स्टार्क और पीटर सिडल हैदराबाद की परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढाल पाते हैं तो उनसे कुछ कमाल की उम्मीद जरूर की जा सकती है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें