पुणे वारियर्स पर मनोबल बढ़ाने वाली जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम बुधवार को यहां गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल मुकाबले में उतरेगी तो उसका लक्ष्य अपने स्थान में सुधार करना होगा।
डेयरडेविल्स और वारियर्स के बीच पिछले मैच की तरह यह मुकाबला भी दोनों टीमों विशेषकर केकेआर के लिए खुद को टूर्नामेंट में बनाए रखने का द्वंद्व होगा। दिल्ली ने नौ में से सात मैच गंवा दिए हैं जबकि केकेआर को नौ में से छह में हार का मुंह देखना पड़ा है।
केकेआर की टीम अपने निराशाजनक अभियान को पटरी पर लाने के लिए बेताब होगी जबकि दिल्ली की टीम बिना किसी तनाव के लिए खेल सकती है क्योंकि उसने इतना कुछ गंवा दिया है कि उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं बचा है।
जब डेविड वार्नर ने कहा कि हर मैच अब सेमीफाइनल की तरह होगा तो वह इस बात से वाकिफ थे कि नाकआउट चरण में प्रवेश के लिए दावेदारी बनाने के लिए सात में से सात मैच जीतना काफी मुश्किल होगा।