लगातार सात मैच जीतने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज दो बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम रविवार को जब यहां वानखेडे़ स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ उतरेगी तो उसका लक्ष्य एक और जीत हासिल कर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करना होगा।
करिश्माई कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही चेन्नई की टीम इस समय 18 अंकों के साथ शीर्ष पर चल रही है। टीम ने 11 में से नौ मैच जीते हैं और मात्र दो गंवाए हैं।
यह टीम जिस तरह का प्रदर्शन कर रही है उसे देखते हुए मुंबई के लिए इससे पार पाना आसान नहीं होगा।
दूसरी ओर मुंबई की टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में जीत की हैट्रिक बनाई लेकिन पिछले मैच में उसे सनराइजर्स के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा।
टीम ने अब तक दस में से छह मैच जीते हैं और वह 12 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। दोनों टीमों के पास कई स्टार खिलाड़ी हैं जो शानदार फॉर्म में चल रहे हैं।
इससे इस मुकाबले के विस्फोटक होने की उम्मीद की जा सकती है। मुंबई अपने घर में खेल रही है जिससे उसके पास जीत की राह पर वापसी करने का अच्छा मौका है।