आठ साल बाद विदेश में विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज का टी-20 में सूपड़ा साफ करने के बाद अब विराट एंड कंपनी की निगाह वनडे सीरीज में भी दमदार जीत दर्ज करने पर है। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली दिल तोड़ने वाली हार के बाद यह भारत का इस प्रारूप में पहला मैच होगा। विश्व कप के दौरान चोटिल हुए ओपनर शिखर धवन इस मैच के साथ वनडे में वापसी करेंगे। भारत की ओर से 130 मैचों में 17 शतक जड़ने वाले धवन एक बार फिर रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करते हुए दिखेंगे। ऐसे में लोकेश राहुल को चौथे नंबर पर उतरना पड़ सकता है। कप्तान विराट कोहली अपने पसंदीदा तीसरे नंबर पर उतरेंगे। केदार जाधव के पांचवें या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद है। यह इस पर निर्भर करेगा कि ऋषभ पंत को ‘फ्लोटर’ के रूप में किस क्रम पर उतारा जाता है।
पांडेय और अय्यर में दावेदारी की होड़
मनीष पांंडेय और श्रेयस अय्यर
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यक्रम के एक अन्य स्थान के लिए दावेदारी मनीष पांडेय और श्रेयस अय्यर के बीच होगी। पांडेय टी20 मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। ऐसे में टीम प्रबंधन अय्यर को मौका देने पर विचार कर सकती है।
सैनी का वनडे में भी पदार्पण तय
नवदीप सैनी
- फोटो : social Media
एक हफ्ते के अंदर दो देशों में तीन टी20 खेलने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को आराम दिया जा सकता है। ऐसे में मोहम्मद शमी तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे, जबकि नवदीप सैनी वनडे अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण करेंगे। सैनी ने टी-20 में शानदार प्रदर्शन कर छाप छोड़ी है।
रोहित के पास मौका
रोहित शर्मा
- फोटो : social media
विश्व कप में रिकॉर्ड पांच शतक जड़ने वाले रोहित 50 ओवर के प्रारूप में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखने के इरादे से उतरेंगे। वेस्टइंडीज के सामने रोहित के जोड़ीदार धवन को रोकने की भी कड़ी चुनौती होगी। कोहली वेस्टइंडीज टीम में दिग्गज खिलाड़ियों के नहीं होने के बावजूद पूर्व खिलाड़ियों के उस समूह को जवाब देने के इरादे से उतरेंगे जिन्होंने सीमित ओवरों के प्रारूप में उनकी कप्तानी पर सवाल उठाया है।
विदाई सीरीज को यादगार बनाना चाहेंगे गेल
क्रिस गेल
- फोटो : social Media
वेस्टइंडीज की टीम टी-20 में कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाई। विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल की वापसी से टीम मजबूत होगी। गेल ने विश्व कप के दौरान घोषणा की थी कि भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज उनके करिअर की अंतिम सीरीज होगी। ऐसे में वह अपनी अंतिम सीरीज को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे। सीरीज के लिए बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल, रोस्टन चेज और ऑलराउंडर कीमो पाल की टीम में वापसी हुई है।
दोनों टीमों के खिलाड़ी
भारत बनाम वेस्टइंडीज
- फोटो : file photo
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडेय, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, केदार जाधव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद और नवदीप सैनी।
वेस्टइंडीज : जेसन होल्डर (कप्तान), क्रिस गेल, जॉन कैंपबेल, इविन लुईस, शाई होप, शिमरोन हेतमायर, निकोलस पूरन, रोस्टन चेज, फैबियन एलेन, कार्लोस ब्रेथवेट, कीमो पॉल, शेल्डन कॉट्रेल, ओशाने थॉमस और केमार रोच।