दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजी के अगुआ डेल स्टेन चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। एक और तेज गेंदबाज लुंगी नगिदी भी अनफिट हैं और उनका खेलना संदिग्ध है। ऐसे में स्टेन की जगह टीम में लिए गए ब्यूरॉन हेंडरिक्स गेंदबाजी आक्रमण को धार देने के लिए अंतिम एकादश में जगह बना सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीका की सबसे बड़ी बड़ी चिंता उसकी बल्लेबाजी है। अगर उसे पहली जीत दर्ज करनी है तो उसके बल्लेबाजों को वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों का डटकर सामना करना होगा। हाशिम अमला, क्विंटन डिकॉक, डूप्लेसिस, रासी वान डेर डुसेन में कोई भी अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया।
Chris Gayle-Andre Russell
- फोटो : social Media
जहां तक वेस्टइंडीज का सवाल है तो उसने पहले दो मैचों में अपने पुराने दिनों की याद ताजा की लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके बल्लेबाजों का शॉट चयन अच्छा नहीं था जो आखिर में उसकी हार का कारण बना। कैगिसो रबादा जैसे गेंदबाज के सामने उसके बल्लेबाजों को ऐसी किसी भी गलती से बचना होगा। वेस्टइंडीज के आलराउंडर आंद्रे रसेल ने अभी तक अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है और अब टीम उनसे बल्लेबाजी में अपनी ख्याति के अनुरूप ताबड़तोड़ रन बनाने की उम्मीद करेगी। सदाबहार क्रिस गेल और बेहतरीन फॉर्म में चल रहे शाई होप पर फिर से बल्लेबाजी का दारोमदार होगा। कप्तान जेसन होल्डर के रूप में टीम में एक अच्छा आलराउंडर है जो किसी भी परिस्थिति में टीम को आगे बढ़ाने में सक्षम हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बादल छाए रहने और यहां तक बारिश होने की संभावना है। दिन में अधिकतर समय अगर बादल छाए रहते हैं तो फिर तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम हो जाएगी।