क्रिकेट के साथ ग्लैमर से लैस आईपीएल अब शायद खिलाड़ियों की बीमारियां भी ठीक करने लगा है। इस टूर्नामेंट के पावर का ही असर है कि जो क्रिकेटर कल तक अनफिट थे वे आइपीएल का छठा संस्करण शुरू होते ही फिट हो गए।
अचानक फिट हुए ये खिलाड़ी
हाल ही में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान खिलाफ हुए सीरीज में चोटिल खिलाड़ियों के चलते टीम इंडिया तेज गेंदबाजों की कमी से जूझ रही थी।
आईपीएल के शुरू होने से पहले कई गेंदबाजों ने खुद को फिट होने की घोषणा कर दी। इस कड़ी में उमेश यादव, इरफान पठान, वरुण एरोन, मुनाफ पटेल, प्रवीण कुमार आदि हैं।
हैरत की बात यह है कि इस साल आईपीएल में अब तक हुए मैचों में ये सभी खिलाड़ी मैदान पर पूरी तरीके से फिट दिखे।
इसी साल मार्च में उमेश यादव ने एक निजी टीवी चैनल से इंटरव्यू में कहा था कि वह फिट तो हो गए हैं लेकिन आईपीएल में काफी सावधानी के साथ खेलेंगे।
जल्दी फिट होने की तैयारी में ये
वीरेंद्र सहवाग, जहीर खान, शेन वॉटसन और मोर्ने मोर्कल ऐसे खिलाड़ी हैं जो फिट होने के लिए कड़ी मेहनत में जुटे हैं।
इंग्लैंड के केविन पीटरसन चोटिल होने के बावजूद टीम का हौसलाअफजाई करने के लिए भारत आए हुए हैं।