अब पूरी तरह फिट हो चुके धुरंधर विस्फोटक बल्लेबाज कर्नाटक के मनीष पांडे दक्षिण अफ्रीका में खेली जाने वाली त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज में भारत ‘ए’ टीम का नेतृत्व करेंगे। इस त्रिकोणीय वन डे सीरीज में भारत ‘ए’ टीम के साथ मेजबान दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ और ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ की टीमें शिरकत करेंगी। इस सीरीज का फाइनल 8 अगस्त को खेला जाएगा।
भारत ‘ए’ टीम में फिलहाल वेस्ट इंडीज में वन डे सीरीज खेल रही भारतीय वन डे टीम में शमिल विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज दिल्ली के ऋषभ पंत भी शामिल हैं। भारत ‘ए’ टीम इस त्रिकोणीय वन डे सीरीज के बाद दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के खिलाफ दो चार दिवसीय क्रिकेट मैच भी खेलेगी। इन चार दिवसीय मैचों में भारत ‘ए’ टीम का नेतृत्व टेस्ट क्रिकेट में वीरेन्द्र सहवाग के बाद भारत के लिए ट्रिपल सेंचुरी जड़ने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज कर्नाटक के करुण नायर करेंगे।
IPL बना चयन का आधार
करुण नायर
- फोटो : IPL
आईपीएल 2017 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर क्रुणाल पांडया और पेसर बासिल थम्पी पहली बार भारत ‘ए’ वन डे टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाने भारत ‘ए’ की दोनों टीमों की घोषणा सीनियर राष्ट्रीय चयन समिति की बैठक के बाद बृहस्पतिवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कार्यवाहक मानद सचिव अमिताभ चौधरी ने की ।
हरियाणा के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर जयंत यादव, करुण नायर, श्रेयस अय्यर, हैदराबाद तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और मुंबई के शार्दूल ठाकुर भारत ‘ए’ की वन डे और दो चार दिवसीय मैचों के लिए घोषित दोनों टीमों में जगह बनाने में सफल रहे हैं। जयंत यादव नौंवे नंबर पर बल्लेबाजी करते टेस्ट मैच में सेंचुरी जड़ने वाले भारत के पहले और इकलौते बल्लेबाज हैं। जयंत ने यह गौरव इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट खेलते हुए हासिल किया।
भारत ‘ए’ टीम में उदीयमान क्रिकेटरों के साथ भारतीय टेस्ट और वन डे टीम में फिर से स्थान बनाने की कोशिश में जुटे क्रिकेटर शामिल हैं। भारत ‘ए’ टीम दरअसल भारतीय क्रिकेट की दूसरी पंक्ति के क्रिकेटरों को लय में बने रहने और भारतीय टीम में स्थान पाने का दावा पेश करने का मौका देती है।
इस प्रकार हैं दोनों टीमें
ऋषभ पंत
त्रिकोणीय वन डे सीरीज के लिए भारत ‘ए’ टीम इस प्रकार है: मनीष पांडे (कप्तान), मनदीप सिंह, श्रेयास अय्यर, संजू सैमसन, दीपक हुडा, करुण नायर, क्रुणाल पांडया, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), विजय शंकर,अक्षर पटेल, यजुवेंद्र चहल, जयंत यादव, बासिल थम्पी,मोहम्मद सिराज, शार्दूल ठाकुर, सिद्धार्थ कौल
दो चार दिवसीय मैचों के लिए भारत ‘ए’ टीम: करुण नायर (कप्तान), प्रियंक पांचाल, अभिनव मुकुंद, श्रेयस अय्यर, अंकित बावने, सुदीप चटर्जी, इशान किशन (विकेटकीपर), हनुमा विहारी, जयंत यादव, शाहबाज नदीम, नवदीप सैनी, मोहम्मद सिराज, शार्दूल ठाकुर, अनिकेत चौधरी, अंकित राजपूत