लखनऊ को हरी झंडी मिलने का इंतजार
इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में खबर आई थी कि मयंक आईपीएल 2025 सीजन के पहले चरण में नहीं खेल सकेंगे और अब ताजा जानकारी सामने आई है कि वह अप्रैल के दूसरे सप्ताह में टीम से जुड़ेंगे। एक सूत्र ने मीडिया रिपोर्ट के हवाले से बताया कि मयंक नेट्स पर अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और उनमें मैच की तैयारी दिख रही है। लखनऊ की टीम को अब सेंटर ऑफ एक्लीसेंस से हरी झंडी मिलने का इंतजार है जिससे मयंक टीम से जुड़ सकें।
ये भी पढ़ें: R Ashwin: 100वां टेस्ट खेलने के बाद ही संन्यास लेना चाहते थे रविचंद्रन अश्विन, धोनी को कर दिया था आमंत्रित
सूत्रों ने बताया कि फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि मयंक जल्द ही टीम से जुड़ेंगे। अगर मयंक टीम से 11 या 12 अप्रैल को जुड़ते हैं तो इसका मतलब है कि वह पहले सात मैचों में नहीं खेल पाएंगे जिसमें दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबला भी शामिल है। मयंक ने पिछले आईपीएल सीजन 155 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर सुर्खियां बटोरी थी।
पिछले सीजन बटोरी थी सुर्खियां
मयंक 2023 सीजन में चोट के कारण बाहर रहे थे, लेकिन उन्होंने पिछले सीजन पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू मैच में ही तीन विकेट झटके थे। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ अगले मैच में भी उन्होंने तीन विकेट लिए जिससे लगातार दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। हालांकि, उनका अभियान सिर्फ चार मैचों तक ही सीमित रहा क्योंकि साइड स्ट्रेन के कारण वह आगे नहीं खेल सके। पिछले सीजन ज्यादातर समय बाहर रहने के बावजूद लखनऊ फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा जताया और मेगा नीलामी से पहले मयंक को 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: सत्र से पहले स्टार खिलाड़ियों की चोट ने बढ़ाई फ्रेंचाइजी की मुश्किलें, टीम संयोजन बना बड़ी चुनौती
लखनऊ सुपरजाएंट्स के क्रिकेट निदेशक बनाए गए जहीर खान ने कहा था कि जब मयंक पूरी तरह फिटनेस हासिल कर लेंगे तब टीम उनके साथ कड़ी मेहनत करेगी। लखनऊ सुपरजाएंट्स आईपीएल 2025 में अपने अभियान की शुरुआत 24 मार्च को विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजसेखरा रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले से करेगी। टीम इस बार नए कप्तान ऋषभ पंत की अगुआई में खेलने उतरेगी।