पुछल्ले बल्लेबाजों से टेस्ट मैचों में ठोस और जुझारू बल्लेबाजी की उम्मीद कम ही होती है, लेकिन मैच बचाने के लिए नौंवें विकेट की एक जोड़ी ने 178 गेंद खेलकर सिर्फ 4 रनों की ही साझेदारी की।
पल्लेकल में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच के अंतिम दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों और कंगारू बल्लेबाजों के बीच कांटे का संघर्ष दिखा। रंगना हेराथ के 5 विकेट के दम पर मेजबान टीम ने चायकाल से पहले ही कंगारू टीम को समेटते हुए मैच 106 रन के बड़े अंतर से मैच जीत लिया। लगातार पांचों दिन बारिश से प्रभावित खेल के अंतिम दिन टेस्ट में दुनिया की नंबर वन टीम ऑस्ट्रेलिया को जीतने के लिए 185 रनों की जरूरत थी जबकि श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने सात विकेट चटकाने की चुनौती थी।
अंतिम दिन की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया ने अपने कल के स्कोर 3 विकेट पर 83 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन खेल के पहले सत्र में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने जोरदार गेंदबाजी की और लंच तक 4 और विकेट झटकते हुए मैच को अपने पक्ष में लगभग मोड़ दिया।
लेकिन नौंवें विकेट के लिए कंगारू जोड़ी ने टीम की हार टालने के मकसद से 178 गेंदें खेलते हुए सिर्फ 4 रनों की साझेदारी की। लेकिन टीम की हार को टाल नहीं सके। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 161 रन बनाए और वह भी 88.3 ओवर खेलकर।
सबसे धीमी साझेदारी का बना दिया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
- फोटो : Getty
मैच के अंतिम दिन ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान स्टीव स्मिथ ने 125 गेंदों का सामना करते हुए 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। लेकिन वह लंच से पहले आउट हो गए। स्मिथ के आउट होने के बाद कंगारू टीम की हार दिखने लगी थी।
लेकिन आज के खेल की सबसे खास बात यह रही कि नौंवें विकेट के लिए पीटर नेविल ने स्टीव ओ कैफे के साथ संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। दोनों बल्लेबाजों ने रन बनाने के बजाए गेंद निकालने की योजना पर काम किया। इन दोनों ने अनुभवी फिरकी गेंदबाज रंगना हेराथ के अलावा चाइनामैन गेंदबाज लक्षण संदाकन और धनंजय डी सिल्वा की फिरकी का डटकर सामना किया।
इनकी बल्लेबाजी ने श्रीलंकाई गेंदबाजों को काफी थका भी दिया था। नेविल ने 115 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 9 रन बनाए तो 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कैफे ने 98 गेंदें खेलकर सिर्फ 4 रन ही जोड़े । इस साझेदारी की खास बात यह रही कि नेविल ने एक भी रन नहीं बनाए। 178 गेंदों में महज 4 रनों की साझेदारी किसी भी विकेट के लिए टेस्ट इतिहास की सबसे धीमी साझेदारी (0.13 रन प्रति ओवर) भी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला और एबी डीविलियर्स ने पिछले साल भारत के खिलाफ 253 गेंदों में 27 रनों की साझेदारी (0.64 रन प्रति ओवर) की थी।
लंबे संघर्ष के बाद धनंजय ने नेविल को अपना शिकार बना ही लिया। इसके 3 ओवर के अंदर ही रंगना हेराथ ने कैफे को बोल्ड कर अपनी टीम को जोरदार जीत दिला दी। पारी में हेराथ की यह पांचवीं सफलता रही तो ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 161 रन बनाए।
पहली पारी में श्रीलंका 117 रन बनाकर आउट हो गई, इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 203 रन बनाकर 86 रनों की बढ़त हासिल की। लेकिन दूसरी पारी में कुशल मेंडिस (176) के शानदार शतक ने खेल बदल दिया जिससे मेजबान टीम 353 रन बनाने में कामयाब रही और ऑस्ट्रेलिया के सामने 268 रनों का लक्ष्य रखा। खास बात यह रही कि पांचों दिन बारिश ने खेल रोका लेकिन मैच में काफी रोमांच बना रहा।
चौथे दिन ही श्रीलंकाई गेंदबाजों ने मजबूत कर ली थी पकड़
फाइल फोटो
- फोटो : PTI
इससे पहले श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने मेहमान टीम पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 83 रन बना लिए थे। श्रीलंका ने मेहमान टीम को 268 का लक्ष्य दिया।
हालांकि श्रीलंकाई स्पिन गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था। उनकी घूमती गेंद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को परेशान करने लगी थी। कप्तान स्टीव स्मिथ 26 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। लेकिन इस बीच बारिश और खराब रोशनी के चलते चौथे दिन का खेल भी जल्दी खत्म कर दिया।
टेस्ट में दुनिया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया को अंतिम दिन जीतने के लिए 185 रनों की जरूरत थी। वहीं श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने जल्दी से जल्दी सात विकेट चटकाने की चुनौती है।
श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज रंगना हेराथ ने अपने दूसरे ओवर में ही डेविड वार्नर को आउट कर ऑस्ट्रेलिया झटका दिया। उसके बाद क्रीज पर आए उस्मान ख्वाजा ने तीन घंटे तक सकारात्मक खेल खेला, लेकिन ऑफ स्पिनर दिलरुवान परेरा ने उन्होंने पगबाधा आउट कर दिया।
अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे लक्षण संदाकन ने जम चुके जो बर्न्स को बोल्ड कर दिया। उन्होंने 29 रन बनाए। उसके एक रन बाद पहली पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एडम वोग्स को भी परेरा ने शून्य पर पगबाधा आउट कर दिया, लेकिन रिब्यू पर वोग्स बच गए। हेराथ और परेरा की घूमती गेंद ने स्मिथ और वोग्स को काफी धीरे खेलना पर मजबूर कर दिया।