इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड और मेरिलबोन क्रिकेट क्लब ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के साथ मिलकर रुथ स्ट्रॉस फाउंडेशन का समर्थन करने का फैसला किया है। लंग कैंसर के लिए जागरूकता फैलाने की सोच के साथ इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी एंड्रयू स्ट्रॉस ने अपनी पत्नी रुथ स्ट्रॉस के नाम पर फाउंडेशन की शुरुआत की थी।
2018 में स्ट्रॉस की पत्नी का लंग कैंसर की वजह से निधन हो गया था, जिसके बाद एंड्रयू ने इसको लेकर जागरूकता फैलानी की एक शुरुआत की।
अब इसी अभियान को समर्थन देने के तहत दूसरे एशेज टेस्ट के दूसरे दिन दोनों ही टीमों के खिलाड़ी लाल रंग की टोपी पहनेंगे और साथ में लोगो और संदेश के साथ खास टी-शर्ट में भी नजर आएंगे।
14 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में क्रिकेट फैंस से भी लाल रंग के कपड़े पहनकर आने की अपील की गई है। इस दौरान फाउंडेशन के सपोर्ट के लिए कई तरह की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में अभी ऑस्ट्रेलिया की टीम 1-0 से बढ़त बनाए हुए है।