एलएलसीटेन-10 का रोमांच जारी है। बुधवार को इस लीग का 18वां मुकाबला कानपुर चीफ्स और इनवर्टिस सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस मैच में इनवर्टिस सुपर किंग्स ने कानपुर की टीम को 44 रन से हरा दिया। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 10 ओवर में दो विकेट खोकर 123 रन बनाए। जवाब में कानपुर चीफ्स 9.2 ओवर में सिर्फ 79 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई।
कानपुर के बल्लेबाजों का फ्लॉप प्रदर्शन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर चीफ्स की शुरुआत खराब हुई। महिपालसिन्ह छावड़ा महज 13 रन के स्कोर पर सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें धीरेंद्र यादव ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद रवि ने आकिफ खान को आउट किया। वह 13 गेंदों में पांच छक्कों की मदद से 30 रन बनाने में कामयाब हुए। इस मैच में आकिफ कानपुर की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके अलावा अमित नागर ने 11, दिक्कू ठाकुर ने सात, अरविंद ने 12, साहिल ने नौ और कृष्णा मूर्ति ने चार रन बनाए। वहीं, चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। इनवर्टिस सुपर किंग्स के लिए अक्षय सिंह ने तीन विकेट चटकाए जबकि रवि, धीरेंद्र और बंटी को दो-दो विकेट मिले। इसके अलावा अंकित को एक सफलता हाथ लगी।
इनवर्टिस सुपर किंग्स की पारी
इससे पहले, इनवर्टिस सुपर किंग्स ने कार्तिक की 41 रनों की शानदार पारी की बदौलत 123 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी हुई थी। सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे नयुम सिसोदिया और सुरेश यादव के बीच पहले विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी हुई। सिसोदिया को साहिल ने अपना शिकार बनाया। वह 13 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गौरव ने सुरेश को कृष्णा मूर्ति के हाथों कैच कराया। वह चार छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर लौटे। इसके अलावा दुर्गविजय ने 21 और कार्तिक ने 41 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, कानपुर चीफ्स के लिए गौरव और साहिल ने एक-एक विकेट चटकाए।