सवाल: अमर उजाला और लीजेंड्स लीग क्रिकेट मिलकर सबसे बड़े टेनिस बॉल टूर्नामेंट का आयोजन करने जा रहे हैं। युवा क्रिकेटरों को इस LLCTen10 लीग का हिस्सा क्यों बनना चाहिए? खिलाड़ियों के करियर के लिए यह टूर्नामेंट कितना अहम है?
जोंटी रोड्स: पहली और जो सबसे जरूरी बात है, वह यह है कि मुझे लगता है 95 से 96 प्रतिशत जो क्रिकेटर्स खेल रहे हैं, वह या तो टेनिस बॉल से खेल रहे हैं या खेल चुके हैं। हर किसी के पास लेदर बॉल से क्रिकेट खेलने का मौका नहीं है। अगर आप इस खेल को जुनूनी लोगों के बीच लेकर जा रहे हैं तो यह क्रिकेट के लिए बड़ा काम कर रहे हैं। अगर आपको यह लगता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट या राज्य क्रिकेट की टीम में शामिल होने के लिए लेदर बॉल क्रिकेट खेलकर ही रास्ता बन सकता है तो मैं आपको बता दूं कि ज्यादा से ज्यादा युवा टेनिस बॉल के जरिये ही इस खेल से जुड़े होते हैं। मुझे लगता है कि भारत के पास युवाओं को खुद को साबित करने देने के लिए कई अच्छे प्लेटफॉर्म्स हैं। अगर टेनिस बॉल क्रिकेट इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो भारत के पास और आगे जाने का मौका है।
सवाल: क्या आपको लगता है कि भारत में टेनिस बॉल क्रिकेट का भविष्य उज्ज्वल है?
जोंटी रोड्स: निश्चित तौर पर हां। आप देख सकते हैं क्रिकेट खेलने के लिए कितने लोग उत्साहित हैं। किसी को नहीं पता कि उन्हें यह कहां लेकर जाएगा, लेकिन अगर आपके पास टेनिस बॉल क्रिकेट उपलब्ध नहीं है तो आपको प्रतिभाएं कहां से मिलेंगी। LLC टेन-10 टूर्नामेंट टेनिस बॉल क्रिकेट को और आगे लेकर जाएगा और मुझे इस लीग से जुड़ने पर खुशी है।
सवाल: आपने LLC ट्रायल में कई प्रतिभाओं को देखा, आप दक्षिण अफ्रीका में भी ऐसा देख चुके हैं। आपको क्या लगता है, भारतीय खिलाड़ी बेहतर हैं या दक्षिण अफ्रीका के?
जोंटी रोड्स: मुझे लगता है कि भारतीय खिलाड़ियों के पास क्रिकेट खेलने के अधिक अवसर हैं। यहां पर ज्यादातर खिलाड़ी सिर्फ क्रिकेट पर ही फोकस करते हैं। दक्षिण अफ्रीका में स्कूल स्तर पर भी लेदर बॉल से खिलाया जाता है। वहां के युवा अपने भाई बहन या परिवार के किसी सदस्य के साथ क्रिकेट खेलते हुए नहीं दिखेंगे या बहुत ज्यादा क्रिकेट खेलते हुए नहीं दिखेंगे। वहीं, भारत में ऐसा दिख जाता है। ऐसे में मैं कहूंगा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दक्षिण अफ्रीका पर भारत का पलड़ा भारी है।