बांग्लादेश और इंग्लैंड के बीच शनिवार को वर्ल्ड कप का 12वां मुकाबला खेला गया। जेसन रॉय (153) की शानदार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने कार्डिफ में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश को 106 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
इंग्लैंड के 386 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने अपने दो विकेट जल्दी गंवा दिए। हालांकि बांग्लादेश की तरफ से शाकिब अल हसन ने 121 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली लेकिन किसी अन्य खिलाड़ी का साथ नहीं मिलने की वजह से वे टीम को जीत नहीं दिला पाए और बांग्लादेश की पूरी टीम 280 रन पर ढेर हो गई.
इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने सबसे अधिक 3-3 विकेट अपने नाम किए।
बांग्लादेश की पारी
शकिब अल हसन
- फोटो : सोशल मीडिय
इंग्लैंड के 386 रन के जवाब में बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज सौम्य सरकार को जोफ्रा आर्चर ने चौथे ओवर में दो रन के स्कोर पर पवेलियन लौटाया। टीम अभी संभली भी नहीं थी कि पारी के 12वें ओवर में बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिर गया।
मार्क वुड ने तमीम इकबाल (19) को कप्तान इयोन मोर्गन के हाथों कैच कराकर मैच में पकड़ मजबूत कर ली। दो विकेट गिरने के बाद दो पूर्व कप्तान शकिब-अल-हसन और मुश्फिकुर रहीम पारी को संभालने में जुटे हुए थे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी हुई ही थी कि मुश्फिकुर 44 के स्कोर पर प्लंकेट का शिकार हुए। अगले ही ओवर में नए बल्लेबाज मोहम्मद मिथुन बिना खाता खोले लौट गए।
विकेटों के पतझड़ के बीच शकिब ने अपने करियर का 8वां शतक पूरा किया। दूसरी ओर बांग्लादेश का रिक्वयार्ड रन रेट बढ़ता ही जा रहा था। 11 ओवर में टीम को 170 रन की दरकार थी तब शकिब भी आउट हो गए। इसके बाद आया कोई भी बल्लेबाज वह कमाल नहीं दिखा पाया, जिससे बांग्लादेश को इस मैच में जीत मिल पाती।
इंग्लैंड की पारी
जेसन रॉय
- फोटो : सोशल मीडिया
इसके पहले जेसन रॉय के ताबड़तोड़ 153 और अपने बल्लेबाजों के शानदार खेल के बूते इंग्लैंड ने बांग्लादेश के सामने 387 रन का विशाल लक्ष्य रखा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड टीम ने निर्धारित 50 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 386 रन बनाए। यह इंग्लैंड का विश्व कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन है। इसके पहले इंग्लिश टीम ने 2011 विश्व कप में भारत के खिलाफ 338/8 का स्कोर खड़ा किया था।
इसके साथ ही इंग्लैंड वन-डे क्रिकेट में लगातार सात बार 300 से ज्यादा रन बनाने वाली एकमात्र टीम बन गई है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया साल 2007 में 6 बार 300 से ज्यादा रन लगातार बना चुकी है। खिताब की प्रबल दावेदार इंग्लैंड मौजूदा विश्व कप के तीनों मुकाबलों में 300 से ज्यादा रन बना चुकी है।
रविवार को खेले जा रहे विश्व कप के इस 12वें मुकाबले में इंग्लैंड का हर बल्लेबाज रंग में नजर आया। क्रिस वोक्स और लियाम प्लंकेट नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन मिराज और सैफुद्दीन ने सर्वाधिक 2-2 विकेट लिए।
जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो की जोड़ी ने टीम को सधी शुरुआत दी। दोनों ही बल्लेबाजों ने हर गेंदबाज की खबर ली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी हुई। जॉनी बेयरस्टो भले ही 50 गेंदों में 51 रन बनाकर मुर्तजा का शिकार बने हो, लेकिन 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करने वाले जेसन रॉय ने 92 गेंदों में शतक ठोक दिया।
इस बीच पहले रॉय का साथ निभा रहे जो रूट (21) रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें सैफुद्दीन ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके ठीक तीन ओवर बाद खतरनाक जेसन रॉय भी चलते बने। 121 गेंदों में 153 रन की पारी में रॉय के बल्ले से 14 चौके और 5 छक्के भी निकले।
एक वक्त 400 रन के स्कोर की ओर आसानी से बढ़ती दिख रही इंग्लिश टीम लड़खड़ाने लगी थी, लेकिन नए बल्लेबाज जोस बटलर और कप्तान इयोन मॉर्गन ने अच्छी साझेदारी की। बटलर ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। रनगति बढ़ाने की फिराक में 45.2 ओवर्स में जोस बटलर 44 गेंदों में 64 रन बनाकर आउट हुए।
दोनों टीम की प्लेइंग XI इस प्रकार है
इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश
- फोटो : अमर उजाला
बांग्लादेशी टीम में कोई बदलाव नहीं है, लेकिन इंग्लैंड ने मोइन अली को प्लेइंग XI में जगह नहीं मिल पाई है।
बांग्लादेश: तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, शाकिब अल हसन, एम रहीम (विकेटकीपर), मिथुन, महमुदुल्लाह, एम हुसैन, सैफुद्दीन, एम हसन, एम मुर्तजा (कप्तान), एम रहमान
इंग्लैंड: जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, इयोन मोर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, लियाम प्लॉकेट, मार्क वुड