अपने जन्मदिन के दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने जोरदार पारी खेलकर अपने प्रशसंकों को दशहरा का गिफ्ट दे दिया।
मैसूर में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-ए के एक मुकाबले के पहले दिन सहवाग ने पिछली बार की चैंपियन टीम कर्नाटक के खिलाफ अपनी पुरानी वाली शैली में बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम हरियाणा को अच्छी शुरुआत दिलाई और शतक ठोंक दिया। स्टंप्स तक हरियाणा ने 8 विकेट पर 319 रन बना लिए। आउट होने से पहले सहवाग (136) ने जेजे यादव (100) के साथ तीसरे विकेट के लिए 206 रनों की दोहरी शतकीय साझेदारी निभाई।
चेन्नई में भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे वनडे मैच से थोड़ी दूर पड़ोस में सहवाग आज बेहद शानदार मूड में दिखे और 60 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। फिर उन्होंने अपनी 136 रनों की शतकीय पारी में 16 चौके और 3 छक्के भी लगाए। हालांकि इससे पहले हरियाणा की शुरुआत खराब रही और 53 रन पर उसके दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। 2 शतक के बाद अन्य बल्लेबाज नाकाम रहे और पहले दिन 8 विकेट गिरा दिए।
जडेजा बल्ले से हुए फ्लॉप, लेकिन गेंदबाजी में कर दिया किया कमाल
दूसरी ओर, रणजी ट्रॉफी के अन्य मुकाबलों में कुछ बड़े खिलाड़ी बेहद शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और चेतेश्वर पुजारा अपने मैच में बल्ले से नाकाम हो गए।
ग्रुप-सी में सौराष्ट्र का प्रदर्शन इस मैच से पहले बेहद शानदार था और पिछले दोनों मैच में बड़ी जीत हासिल की थी। जडेजा ने गजब का खेल दिखाया और चारों पारियों में 5 या उससे ज्यादा विकेट झटके साथ ही एक फिफ्टी पारी भी खेली। इस करिश्माई खेल के दम पर वह एक बार फिर से टीम इंडिया में लौटने में कामयाब रहे।
लेकिन टीम इंडिया में चयन के बाद उनका प्रदर्शन बेहद खराब हो गया और सिर्फ 2 रन ही बना पाए। जबकि टीम में शामिल टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। हैदराबाद टीम के मेंहदी हसन और विशाल शर्मा के शानदार प्रदर्शन के आगे सौराष्ट्र की पूरी टीम महज 102 पर आउट हो गई। ओपनर सागर जोगियानी ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए। उनके अलावा एक और बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके।
हैदराबाद भी संघर्ष करता दिखा और 142 रन बनाकर आउट हो गया। बल्ले से नाकाम रहे जडेजा ने गेंदबाजी में फिर कमाल दिखाया और 6 विकेट झटककर हैदराबाद को बड़ा स्कोर करने का मौका नहीं दिया। हालांकि मेजबान टीम 50 रनों की बढ़त बनाने में कामयाब रही। गेंदबाजी में कमाल कर रहे जडेजा ने लगातार पांचवीं बार 5 या उससे ज्यादा विकेट झटके हैं। स्टंप्स तक सौराष्ट्र ने बिना किसी नुकसान के 10 रन बना लिए हैं।
पहले दिन चमके रसूल, जमाया एक और शतक
पटियाला में आदित्य श्रीवास्तव के नाबाद शतक और जलज सक्सेना के अर्धशतक की बदौलत मध्य प्रदेश ने पंजाब के खिलाफ ग्रुप-बी मुकाबले के पहले दिन पहली पारी में पांच विकेट पर 251 रन बनाए। स्टंप्स तक श्रीवास्तव 105 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि दूसरे छोर पर रमीज खान 36 रन बनाकर क्रीज पर टिके हैं।
टॉस जीतकर मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनर श्रीवास्तव और सक्सेना ने पहले विकेट के लिए 152 रन की नायाब साझेदारी की। श्रीवास्ताव की 267 गेंदों की नाबाद पारी में छह चौके और एक छक्का है। सक्सेना ने 187 गेंदों में 70 रन बनाए, जिसमें उनके सात चौके हैं। सक्सेना के आउट होने बाद मध्य प्रदेश की तीन विकेट जल्दी-जल्दी गिर गए लेकिन दूसरे छोर पर डटे श्रीवास्तव ने मेहमानों के स्कोर को ढाई सौ के पार पहुंचाया। पंजाब के लिए सरबजीत लाडा और परगट सिंह ने दो-दो विकेट झटके।
रसूल का एक और शतक
वहीं अगरतला में मिथुन मन्हास के 96 रन और परवेज रसूल के नाबाद 129 रन की बदौलत जम्मू एंड कश्मीर ने त्रिपुरा के खिलाफ मुकाबले के पहले दिन पहली पारी में चार विकेट पर 303 रन का स्कोर खड़ा किया। पहले दिन स्टंप्स तक रसूल के साथ बनदीप सिंह (नाबाद 7) क्रीज पर डटे हैं। रसूल और मन्हास ने गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए 207 रनों की साझेदारी की। ऑलराउंडर रसूल ने अपने शतकीय पारी के दौरान 18 चौके और तीन छक्के लगाए जबकि कप्तान मन्हास ने 192 गेंदों में 23 चौके लगाए। त्रिपुरा के लिए मणिशंकर मुराईसिंह और राणा दत्त ने दो-दो विकेट झटके।
सुदीप चटर्जी के नाबाद शतक से बंगाल मजबूत
नई दिल्ली में संदीप चटर्जी के शानदार नाबाद शतक की बदौलत बंगाल ने यहां मुकाबले में पहले दिन दिल्ली के खिलाफ स्टंप्स तक 3 विकेट पर 272 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। बांए हाथ के सुदीप 108 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने तीन मैचों में अपना दूसरा शतक ठोका। उन्होंने रिद्धिमान साहा के साथ चौथे विकेट के लिए नाबाद 142 रन की साझेदारी की।
साहा 67 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। बंगाल के लिए एक और शानदार साझेदारी सुदीप और कप्तान मनोज तिवारी के बीच हुई। सुदीप और मनोज तिवारी (55) ने तीसरे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी की।