वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ बेहद खराब शुरुआत के बाद डेविड मिलर और डुमिनी के शतकों की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने वापसी करते हुए 340 रनों का लक्ष्य दिया। बाद में गेंदबाजों के दम पर अफ्रीकी टीम ने जिम्बाब्वे को 62 रनों से हरा दिया।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
हैमिल्टन में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने सधी शुरुआत की लेकिन बाद में टीम लड़खड़ा गई और 48.2 ओवर में 277 रन बनाकर आउट हो गई। हैमिल्टन मास्कजदा 80 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से इमरान ताहिर ने 3 विकेट झटके।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 339 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। 83 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद संघर्ष कर रही दक्षिण अफ्रीकी टीम ने डेविड मिलर (138) और जेपी डुमिनी (115) के शानदार शतकों से वापसी की और तीन सौ से ज्यादा का स्कोर किया। इस जोड़ी ने पांचवें विकेट के लिए अविजित 256 रनों की साझेदारी की जो वर्ल्ड कप में पांचवें विकेट के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी भी बना दिया।
मिलर ने 92 गेंदों में 7 चौके और 9 छक्के की मदद से 138 रनों की आतिशी पारी खेली। जबकि डुमिनी ने उनका बढि़या साथ दिया और 100 गेंदों में 115 रन (9 चौका और 3 छक्का) बनाए।