फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RRvRCB: राजस्थान का 'हल्ला बोल', गोपाल की फिरकी में फंसकर RCB टूर्नामेंट से बाहर

Sat, 19 May 2018 07:37 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

राहुल त्रिपाठी की नाबाद 80 रन की पारी के बाद श्रेयस गोपाल (16 रन पर 4 विकेट) की घातक गेंदबाजी के आगे घुटने टेकते रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट गया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार को खेले गए आईपीएल के 53वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 164 रन का स्कोर खड़ा किया था। 'करो या मरो' के इस मुकाबले में 'विराट सेना' 134 रन ही बना सकी। इस तरह यह मैच राजस्थान ने 30 रन से अपने नाम किया।

विज्ञापन


इस जीत के साथ ही राजस्थान ने 14 मैचों से 14 अंकों के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को बनाए रखा जबकि इतने ही मैचों से 12 अंकों के साथ आरसीबी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गया। इसके पहले 165 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। कप्तान विराट कोहली एकबार फिर स्पिनर्स के आगे घुटने टेकते नजर आए। महज 4 रन बनाकर कृष्णपा गौतम ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। विराट के आउट होने के बाद क्रीज पर आए एबी डीविलियर्स ने पार्थिव पटेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। इसके पहले कि यह जोड़ी खतरनाक साबित होती गेंदबाज श्रेयस गोपाल ने पार्थिव (33) को स्टंपिंग करवा दिया। 

अभी टीम के खाते में 2 रन ही जुड़े थे कि इसी ओवर की आखिरी गेंद पर गोपाल ने नए बल्लेबाज मोईन अली (1) का कैच अपनी ही गेंद पर लपक लिया। नए बल्लेबाज मंदीप सिंह (3) पर एबी डीविलियर्स के साथ मिलकर टीम को संभालने की जिम्मेदारी थी। मगर अपने अगले ओवर में गोपाल ने उन्हें भी चलता किया। विकेटों के पतझड़ के बीच डीविलियर्स भी अपना अर्धशतक पूरा करते चले बने। यह गोपाल का चौथा विकेट था। मनदीप सिंह मात्र 3 रन बनाकर श्रेयस की गेंद पर क्लासेन द्वारा स्टंप किए गए। कॉलिन डी ग्रांडहोम 2 रन बनाकर सोढ़ी की गेंद पर रहाणे को कैच थमा बैठे।

विज्ञापन

राहुल त्रिपाठी ने RR के लिए खेली यादगार पारी

मैच की शुरुआत राजस्थान के टॉस जीतने से हुई। पहले बल्लेबाजी करते हुई राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 164 रन का स्कोर खड़ा किया। RR की ओर से राहुल त्रिपाठी ने नाबाद 74, अजिंक्य रहाणे ने 33 और हेनरिच क्लासेन ने 32* रन की पारी खेली।
 
इसके पहले आरसीबी के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने राजस्थान की शुरुआत बिगाड़ दी थी। दूसरे ही ओवर में उन्होंने जोफ्रा आर्चर को बिना खाता खोले विकेट के पीछे पार्थिव पटेल के हाथों झिलवाया। जिसके बाद क्रीज पर आए अजिंक्य रहाणे ने राहुल त्रिपाठी के साथ मिलकर न सिर्फ टीम को मुश्किल समय से उबारा बल्कि दूसरे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी भी की।

बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही राजस्थान को एकबार फिर उमेश यादव नामक ग्रहण लग गया। 14वां ओवर लेकर आए उमेश ने पहली गेंद पर रहाणे (33) को पगबाधा आउट किया। अगली ही गेंद पर नए बल्लेबाज संजू सैमसन (0) को शॉर्ट मिड विकेट पर मोईन अली के हाथों कैच आउट कराकर टीम को दोहरे झटके दिए। यहां से राहुल त्रिपाठी ने नए बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन के साथ मिलकर 48 रन की शानदार साझेदारी की। क्लासेन को 32 रन के निजी स्कोर पर चलता कर मोहम्मद सिराज ने अपना पहला विकेट लिया। पारी की अंतिम गेंद पर कृष्णपा गौतम (14) रन आउट हुए।
विज्ञापन

टीमें इस प्रकार थी

इसके पहले राजस्थान के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। राजस्थान रॉयल्स में जोस बटलर और बेन स्टोक्स की अनुपस्थिति में क्लासेन, श्रेयस गोपाल, बेन लॉफलिन की वापसी हुई। दूसरी ओर विराट कोहली की अगुवाई वाली आरसीबी में कोई बदलाव नहीं किया गया था।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर : पार्थिव पटेल, विराट कोहली (कप्तान), एबी डीविलियर्स, मोइन अली, सरफराज खान, मनदीप सिंह, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल, कोलिन डी ग्रांडहोम, मोहम्मद सिराज, टिम साउदी।

राजस्थान रॉयल्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), स्टुअर्ट बिन्नी, संजू सैमसन, राहुल त्रिपाठी, कृष्णप्पा गौतम, जोफरा आर्चर, जयदेव उनादकट, श्रेयस गोपाल, बेन लॉफलिन, हेनरिच क्लासेन, ईश सोढी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें