रोहित ने दीवाली से एक दिन पहले अटल इकाना स्टेडियम में चौके और छक्कों से धूमधड़ाका करके यहां मौजूद 50 हजार दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाकर 61 गेंदों पर नाबाद 111 रन की पारी खेली जिसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल हैं।
उन्होंने शिखर धवन (41 गेंदों पर 43 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 123 रन जोड़े जबकि केएल राहुल (14 गेंदों पर नाबाद 26 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिये केवल 28 गेंदों पर 62 रन की अटूट साझेदारी की।
रोहित ने शुरू में सतर्कता बरती लेकिन जल्द ही अपने असली तेवर दिखाने शुरू कर दिये। धवन ने कप्तान के साथ पूरी लय दिखाई और पहले दस ओवर में स्कोर 83 रन पर पहुंचा दिया। यह स्कोर तब बना जबकि ओशेन थॉमस ने पहला ओवर मेडन किया और पहले चार ओवर के बाद स्कोर 20 रन था।
रोहित ने थॉमस को ही निशाना बनाया जो लगातार 145 किमी रफ्तार से गेंद कर रहे थे। जब वह पारी का तीसरा ओवर करने के लिये आये तो रोहित की आंख जम चुकी थी। इस धाकड़ बल्लेबाज ने उनकी 149 किमी की रफ्तार वाली गेंद को छक्के के लिये भेजा जबकि धवन ने इसी ओवर में दो चौके जड़े। थामस के इस ओवर में 17 रन बने।
इस छक्के से रोहित भारत की तरफ से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने नियमित कप्तान विराट कोहली (2102) को पीछे छोड़ा। जब वह 24 रन पर थे तब खारी पिएर ने रोहित को जीवनदान भी दिया।
धवन ने भी 20वां रन बनाते ही इस प्रारूप में 1000 रन पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं। धवन को भी 28 रन के निजी योग पर कीमो पॉल ने जीवनदान दिया। वह न सिर्फ सीधा कैच लेने में नाकाम रहे बल्कि गेंद को चौके के लिये जाने से भी नहीं रोक पाए।
रोहित ने इस प्रारूप में 19वीं बार 50 से अधिक का स्कोर बनाया जो कि भारतीय रिकार्ड है। कोहली 18 बार ऐसा कारनामा कर चुके हैं। रोहित अपने पूरे रंग में थे और भाग्य भी उनके साथ था। बाएं हाथ के स्पिनर फेबियन एलेन पर लगातार दो छक्के जड़ने के बाद रोहित को फिर जीवनदान मिला। इस बार गेंदबाज ने ही उनका मुश्किल कैच छोड़ा। इसी ओवर में हालांकि निकोलस पूरन ने धवन का कैच लेने में गलती नहीं की जिन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए।
ऋषभ पंत (पांच) को ऊपरी क्रम में भेजा गया लेकिन वह फिर से नाकाम रहे और मिडविकेट पर आसान कैच देकर पवेलियन लौटे, लेकिन राहुल ने रोहित का अच्छा साथ देकर डेथ ओवर्स में भी रन वर्षा जारी रखी। रोहित ने पारी के आखिरी ओवर में विरोधी कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट पर लगातार तीन चौके और एक छक्का लगाया तथा इस बीच दूसरे चौके से इस प्रारूप में अपना चौथा शतक पूरा किया जो कि टी-20 अंतरराष्ट्रीय में नया रिकार्ड है।
इसके पहले कार्लोस ब्रैथवेट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। वेस्टइंडीज में एक बदलाव किया गया। रोवमैन पॉवेल की जगह निकोलस पूरन को टीम में शामिल किया गया। दूसरी ओर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी उमेश यादव की जगह भुवनेश्नर कुमार को प्लेइंग इलेवन में जगह दी।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक, मनीष पांडे, ऋषभ पंत, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, के खलील अहमद
वेस्टइंडीज: कार्लोस ब्रैथवेट (कप्तान), शाई होप, दिनेश रामदीन (विकेटकीपर), डेरेन ब्रावो, फेबियन ऐलन, कीरोन पोलार्ड, शिमरोन हेटमेयर, कीमो पॉल, खेरी पिएरे, निकोलस पूरन और ओशाने थॉमस