पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। मेजबान टीम को पहला झटका 80 के कुल स्कोर पर लगा। पारी की शुरुआत टीम सीफर्ट और कॉलिन मुनरो ने की। दोनों शतकीय साझेदारी की ओर बढ़ रहे थे। तभी 8वें ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप यादव ने यह साझेदारी तोड़ी।
विकेट के पीछे धोनी ने जबरदस्त फुर्ती दिखाते हुए सीफर्ट की गिल्लियां बिखेर दी। सीफर्ट ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के लगाए। पहला विकेट गिरने के बावजूद कॉलिन मुनरो ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा।
बिना किसी दबाव के खेलते हुए उन्होंने 40 गेंदों में ताबड़तोड़ 72 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और पांच छक्के भी निकले। उन्हें भी कुलदीप यादव ने हार्दिक पांड्या के हाथों लपकवाया।
अगले ही ओवर में कप्तान केन विलियमसन के रूप में न्यूजीलैंड को तीसरा और करारा झटका लगा। 20 गेंदों में 27 रन बना चुके विलियमसन अब रनगति बढ़ाना चाहते थे तभी खलील अहमद ने उन्हें कुलदीप यादव के हाथों कैच आउट करवाया।
150 के स्कोर में तीसरा विकेट गिरने के बाद कॉलिन डी ग्रैंडहोम और नए बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने आतिशी शॉट खेलने शुरू किए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 22 गेंदों पर 43 रन की तेज साझेदारी हुई। 18.2 ओवर्स में जब टीम का स्कोर 193 रन पहुंच चुका था तब ग्रैंडहोम 16 गेंदों में 30 रन बनाकर भुवी की एक जबरदस्त गेंद पर कॉट बिहाइंड हुए।
इसके पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। फाइनल मुकाबले के लिए रोहित ने युजवेंद्र चहल की जगह 'चाइनामैन' कुलदीप यादव को पहली बार टी-20 सीरीज में मौका दिया। दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने भी लॉकी फर्ग्यूसन की जगह ब्लेयर टिकनर के रूप में एक बदलाव किया है।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, एमएस धोनी, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, विजय शंकर, हार्दिक पांड्या।
न्यूजीलैंड: टीम सीफर्ट, कॉलिन मुनरो, केन विलियमसन (कप्तान), डेरिल मिचेल, रॉस टेलर, जेम्स नीशाम, कॉलिन डे ग्रैंडहोम, मिचेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, ब्लेयर टिकनर।