राजीव गांधी सरकार में देश में संचार क्रांति का नेतृत्व करने वाले सैम पित्रोदा ने रविवार को कहा कि प्रियंका गांधी युवाओं का वोट हासिल करने में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए सहायक होंगी। भाई-बहन की यह जोड़ी लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए पासा पलटने वाली साबित होगी, क्योंकि देश को युवा टीम की जरूरत है।
कांग्रेस के रणनीतिकार माने जाने वाले और तकनीकविद् से नेता बने पित्रोदा ने कहा कि राहुल-प्रियंका पार्टी में सक्रिय सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया और मिलिंद देवड़ा सहित अन्य कई युवा नेताओं के साथ एक शानदार टीम बनाएंगे। ये लोग देश को इतिहास और धर्म पर लटकाने के बजाय उसे आगे लेकर जाएंगे।
पीएम पद संभालने के लिए तैयार हैं राहुल गांधी
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस चीफ पित्रोदा ने कहा कि राहुल ने 2014 के चुनाव से काफी कुछ सीखा है और वह कहीं अधिक परिपक्व, मजबूत, बुद्धिमान हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से राहुल गांधी की लोकप्रियता दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ी है क्योंकि पार्टी का प्रभार संभालने के बाद उन्हें पूरी शक्तियां और छूट मिल गई।
मनमोहन सिंह सरकार के दौरान ज्ञान आयोग का नेतृत्व कर चुके पित्रोदा अमेरिका में हैं। उन्होंने शिकागो से पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत को एक ऐसे युवा नेतृत्व की जरूरत है जिसके पास भविष्य की समावेशी दूरदृष्टि हो, जो रोजगार का ध्यान रखे और सबके लिए नये अवसर लेकर आए।
गांधी परिवार के लंबे समय से मित्र रहे पित्रोदा ने कहा कि भारत को आज ऐसे व्यक्ति की जरूरत है, जो टीमवर्क, सामंजस्य और सहयोग में यकीन रखता हो तथा यह केंद्रीकृत शक्ति केंद्र के उलट है। भारत को आज सचमुच में ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो झूठ के बजाय सच में यकीन रखता हो, जो विश्वास में यकीन रखता हो ना कि फरेब में, जो समावेश में यकीन रखता हो ना कि किसी को बाहर करने में। राहुल भारत का नेतृत्व करने की सही उम्र में हैं।
सक्रिय राजनीति में आईं प्रियंका करेंगीं कमाल
पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी कांग्रेस महासचिव के तौर पर सक्रिय राजनीति में प्रियंका गांधी के पदार्पण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह एक बड़ी और अच्छी नेता बनेंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें आशा है कि प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने से चुनावों पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा।
पित्रोदा ने कहा कि वह अपने भाई की कोशिशों में सहायक साबित होंगी। युवाओं, खासतौर पर महिलाओं को उत्साहित करने में वह उनका साथ देंगी। वे दोनों युवा हैं, वे पार्टी में एक बड़ी युवा टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं, वे आधुनिक हैं, वे तकनीक से जुड़े लोग हैं और उनके मन में इतिहास के लिए सम्मान है और उनके पास भविष्य की दूरदृष्टि भी है।
पित्रोदा ने कहा कि वह आश्वस्त हैं कि प्रियंका मुख्यधारा में और अधिक लोगों को आकर्षित करेंगे और युवा भारत को इसी की जरूरत है। मालूम हो कि पित्रोदा को गांधी परिवार के लिए एक मुख्य सलाहकार के तौर पर देखा जाता है।