भारतीय टीम के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 36 के स्कोर पर उसे पहला नुकसान उठाना पड़ा। आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर शमी ने कैम्पबेल को 23 रन के स्कोर पर बोल्ड कर टीम को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद 20.3 ओवर में रविंद्र जडेजा ने विंडीज को तीसरा झटका दिया। जडेजा ने शामार ब्रूक्स (11) को रहाणे के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। बुमराह ने 30वें ओवर की पहली गेंद पर डेरेन ब्रावो (18) को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। यहां से रोस्टन चेस ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन वह इशांत शर्मा की गेंद पर कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। इशांत ने उन्हें केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया।
इसके बाद विंडीज टीम के धड़ाधड़ विकेट गिरते गए। विंडीज की तरफ से रोस्टन चेस (48), शिमरोन हेटमायर (35), शाई होप (24) और जेसन होल्डर (39) रन का योगदान दिया। वहीं भारत की तरफ से इशांत शर्मा ने सर्वाधिक पांच विकेट झटके।
इससे पहले भारतीय टीम की पहली पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पारी की पांचवें ओवर में ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। ओवर की दूसरी ही गेंद पर केमार रोच ने मयंक अग्रवाल को होप के हाथों कैच आउट करवाया। आउट होने से पहले मयंक ने मात्र 5 रन बनाए।
मयंक के आउट होने के बाद पारी संभालने उतरे भरोसेमंद पुजारा भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टीक नहीं पाए और चार गेंद खेलने के बाद रोच की ही गेंद पर आउट हो गए. पुजारा को भी रोच ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर होप के ही हाथों कैच करवाया। आउट होने से पहले पुजारा ने मात्र दो रनों का योगदान दिया।
दो विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान कोहली बल्लेबाजी करने उतरे। हालांकि विराट भी क्रीज पर ज्यादा देर तक नहीं रूक पाए और 9 रन बनाकर कैच आउट हुए। विराट को गेब्रियल ने ब्रूक्स के हाथों कैच करवाया।
कप्तान के आउट होने के बाद रहाणे और राहुल ने पारी को संभाला और दोनों ने मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की। हालांकि अपने अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे राहुल को चेज ने होप के हाथों कैच करवाकर भारत को चौथा झटका दिया। आउट होने से पहले राहुल ने 97 गेंदों में 44 रन बनाए।
एक समय लड़खड़ा गई टीम इंडिया को उप-कप्तान रहाणे ने संभाला और मध्यक्रम के खिलाड़ियों के साथ मिलकर टीम को 200 तक पहुंचाने में सफल रहे। रहाणे के आउट होने के बाद विहारी, पंत, जडेजा, इशांत ने टीम को 300 रन के करीब पहुंचाने में कामयाब रहे।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह
वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान) क्रेग ब्रेथवेट, जॉन कैम्पबेल, शाई होप, डेरेन ब्रावो, शामार ब्रूक्स, रोस्टन चेस, शेनोन गैब्रियल, शिमरोन हेटमेयर, केमार रोच, मिगेल कमिंस