टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने पहुंची चेन्नई निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 175 रन बनाए। एमएस धोनी 46 गेंद में नाबाद 75 रन बनाए। इंडियन टी-20 लीग के इतिहास में यह धोनी की सर्वश्रेष्ठ पारी मानी जा रही है। 27 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद धोनी ने पहले पारी को संभाली फिर आखिरी ओवर में हैट्रिक छक्के जमाते हुए चेन्नई को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
राजस्थान का पहले गेंदबाजी का फैसला उस वक्त सही साबित हुआ जब 4 ओवर्स के भीतर ही महज 14 रन पर चेन्नई ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज खो दिए। पहले अंबाती रायुडू (1) दूसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर का शिकार हुए।
चौथे ओवर में शेन वॉटसन (13 गेंदों में 13 रन) भी चलते बने। उन्हें बेन स्टोक्स ने आउट किया। टीम अभी इन दो झटकों से संभली ही नहीं थी कि नए बल्लेबाज केदार जाधव धवल कुलकर्णी का शिकार बने। यहां से मिस्टर आईपीएल सुरेश रैना और एसएस धोनी के बीच चौथे विकेट के लिए 61 रन की ठोस साझेदारी हुई। दोनों ने 27 रन से स्कोर आगे बढ़ाकर 88 रन तक पहुंचाया। तभी जयदेव उनादकट ने 14वें ओवर में रैना को बोल्ड कर इस पार्टनरशिप पर भी ब्रेक लगाया। सुरेश ने 32 गेंदों में 36 रन बनाए।
इस बीच धोनी ने अपने आईपीएल करियर का एक और अर्धशतक पूरा किया। रनगति बढ़ाने के प्रयास में नए बल्लेबाज ड्वेन ब्रावो 16 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने धोनी के साथ मिलकर अहम 56 रन जोड़े।
चेन्नई ने आज अपनी टीम में हरभजन सिंह की जगह मिचेल सैंटनर को शामिल किया है तो राजस्थान की टीम में कोई बदलाव नहीं है।
चेन्नई: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, शेन वॉटसन, केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, इमरान ताहिर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर
राजस्थान: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), स्टीव स्मिथ, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर, संजू सैमसन, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट, धवल कुलकर्णी, कृष्णप्पा गौतम, राहुल त्रिपाठी।