मुंबई इंडियंस की टीम को यह तो पता था कि अगर उसे आईपीएल-8 में जीत की राह पकड़नी है तो कुछ बड़ा करना होगा। ये बड़े प्रयासों का नतीजा था कि टीम ने बल्लेबाजी का निमंत्रण पाकर 7 विकेट पर 209 रनों का ऐसा स्कोर खड़ा किया जो अब तक इस सीजन में किसी टीम ने नहीं किया था।
रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर की टीम एबी डीविलियर्स (41 रन, 11 गेंद) और डेविड वीस (नाबाद 47 रन, 25 गेंद) की आक्रामक पारियों के बावजूद 7 विकेट पर 191 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई ने 18 रनों से जीत हासिल कर ली। रोहित शर्मा की टीम ने पांचवें मैच में पहली जीत के साथ राहत की बड़ी सांस ली होगी।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
आईपीएल-8 के 16वें मुकाबले में जीत के लिए मुंबई से मिले 210 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में उतरी रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (आरसीबी) की किस्मत काफी अच्छी रही। पहले ओवर में ही विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का कैच टपकाकर लिंडल सिमंस ने उन्हें पहला जीवनदान दिया। बावजूद इसके आरसीबी टीम तेज शुरुआत नहीं कर सकी। इस बीच 5वें ओवर में हरभजन सिंह ने मनविंदर बिसला (20) को आउट कर आरसीबी को पहला झटका दे दिया।
दूसरी ओर, गेल का बल्ला काफी देर तक खामोश रहा। वह 24 गेंद खेलने के बावजूद एक भी बाउंड्री नहीं लगा सके। मैच में 2 बार जीवनदान पाने के बाद वह महज 10 रन बनाकर हरभजन का दूसरा शिकार बन गए। इसके बाद कप्तान विराट कोहली ने दिनेश कार्तिक के साथ टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन कोहली भी बल्ले से दम नहीं दिखा पाए और 18 रन निजी स्कोर पर चलते बने।
11 ओवर से पहले 3 विकेट गंवाने के बाद संकट में आई आरसीबी टीम को जीत दिलाने वास्ते एबी डीविलियर्स क्रीज पर पहुंचे। उन्होंने आते ही छक्के और चौकों की बरसात शुरू कर दी। लेकिन 13वें ओवर में दिनेश कार्तिक (18) अपना कैच थमा बैठे। इसी ओवर में छक्का लगाकर एबी ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया, वह जब तक क्रीज पर थे टीम की उम्मीद लगातार बनी हुई थी।
हरभजन की फिरकी अपना काम कर रही थी और 14वें ओवर में उन्होंने एक और सफलता अपने नाम कर आरसीबी को पांचवां झटका दे दिया। रिले रोसाउ खाता खोले बिना आउट हुए। बंगलौर को बड़ा झटका तब लगा जब 11 गेंदों में 41 रन (5 चौके और 3 छक्के) बनाकर एबी कैच आउट हो गए। उनके आउट होते ही आरसीबी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई। हालांकि आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए डेविड वीस (नाबाद 47, 25 गेंद, 6 चौका और 2 छक्का) ने अंत में कुछ आतिशी शॉट्स जरूर खेले।