आईपीएल-8 के 40वें मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के आगे कहीं नहीं टिके। पहले उनके गेंदबाज बुरी तरह से नाकाम रहे फिर उनके बल्लेबाजों की लचर बल्लेबाजी ने टीम को शर्मनाक हार के लिए मजबूर कर दिया। पंजाब की पूरी टीम क्रिस गेल (117) के अकेले बनाए रन को भी पार नहीं कर सकी।
पूर्ण लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
बंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने 227 रनों का असंभव सा लक्ष्य देने के बाद पंजाब की पूरी टीम को महज 13.4 ओवर में 88 रनों पर समेट पर 138 रनों की बड़ी जीत हासिल कर ली। पंजाब की ओर से अक्षर पटेल ने नाबाद 40 रनों की बड़ी पारी खेली। जबकि अन्य 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। तेज गेंदबाजों सिद्धार्थ अरविंद और मिचेल स्टॉर्क ने 4-4 विकेट झटककर पंजाब की हालत बेहद खराब कर दी।
इससे पहले बंगलोर ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाए। ओपनर गेल ने लाजवाब पारी खेली और 57 गेंदों में 7 चौका और 12 छक्के की मदद से 117 रनों की पारी खेली। गेल के अलावा एबी डीविलियर्स ने भी धूमधड़ाका किया और 24 गेंदों में नाबाद 47 रन (3 चौका और 4 छक्का) ठोंक दिए। पंजाब के लिए तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने 2 विकेट झटके जबकि एक सफलता अक्षर पटेल को मिली।
इस शानदार जीत के साथ ही आरसीबी के 10 मैचों से 5 जीत के साथ 11 अंक हो गए हैं और अंक तालिका में टीम तीसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं पंजाब इतने ही मैचों से अपनी आठवीं हार के साथ सबसे निचले पायदान पर खिसक गई है।
गेल ने कप्तान कोहली के साथ की शतकीय साझेदारी
पंजाब किंग्स इलेवन से पहले बल्लेबाजी करने का न्योता मिलने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर की ओर से पारी की शुरुआत करने क्रिस गेल और कप्तान विराट कोहली क्रीज पर आए। हालांकि पहले ओवर में गेल महज एक रन ही बटोर सके, लेकिन इसके बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का गियर बदल दिया और आतिशी अंदाज में रन बटोरने लगे।
दूसरे ओवर में गेल ने तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन के ओवर में 2 छक्का और 2 चौका जड़कर 20 रन कूट लिए। इस तरह से गेल ने टी-20 क्रिकेट में जॉनसन के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी बना लिया।
इसके बाद अगले ओवर में भी गेल ने संदीप शर्मा को अपना निशाना बनाया और 24 रन (2 चौके और 2 छक्के) जोड़ लिए। गेल ने पहले 6 गेंदों पर एक रन बनाए थे जबकि अगले 10 गेंदों पर 41 रन जोड़ लिए। वह टूर्नामेंट के इस सत्र में सबसे तेज फिफ्टी के करीब पहुंच गए थे और एक समय उन्होंने 16 गेंदों पर 42 रन बना लिए थे लेकिन अर्धशतक बनाने के लिए 6 और गेंदें खेल डाली। 22 गेंदों में उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया।
दूसरे छोर पर टिके कोहली ने उनका शांति के साथ सहयोग दिया। दोनों ने आतिशी बल्लेबाजी जारी रखते हुए पहले विकेट के लिए 10 ओवर में टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया। संदीप शर्मा ने 12वें ओवर में कोहली को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 119 रन जोड़े। बंगलोर की टीम को पहला झटका कोहली (32 रन, 30 गेंद) के रूप में लगा जो संदीप शर्मा की गेंद पर बोल्ड हुए।
इसके बाद गेल ने अपनी पारी को 46 गेंदों में शतक में बदल दिया। इस सत्र में गेल का पहला और कुल दूसरा शतक है। उनका साथ देने आए एबी डीविलियर्स ने भी आतिशी अंदाज में रन बटोरे। गेल की लाजवाब पारी का अंत अक्षर पटेल ने कॉटएंडबोल्ड करके किया। गेल ने अपनी पारी में 57 गेंदों में 7 चौका और 12 छक्के लगाए। संदीप ने दिनेश कार्तिक को 8 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया।
पंजाब के 11 में से 9 बल्लेबाज 7 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाए
रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) से मिले 227 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में पंजाब किंग्स इलेवन को एक तेज शुरुआत की दरकार थी लेकिन उसे पहले ही ओवर में मनन वोहरा (2) के रूप में पहला झटका लगा। मिचेल स्टॉर्क की इस शुरुआत को अन्य गेंदबाजों ने भी जारी रखा और 14वें ओवर से पहले ही पूरी टीम समेट दी।
तीसरे ओवर में हर्शल पटेल ने दूसरे ओपनर मुरली विजय को भी 2 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। इसके बाद अगले ही ओवर में पंजाब की बड़ी उम्मीद ग्लेन मैक्सवेल (1) सिद्धार्थ अरविंद की गेंद पर बोल्ड हो गए। अरविंद ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी जारी रखते हुए रिदिमान साहा (13) को विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया।
अरविंद ने डेविड मिलर (7) और कप्तान जॉर्ज बैली (2) को भी जल्दी-जल्दी बोल्ड कर पंजाब के 6 विकेट महज 39 रनों पर झटक लिए। पुछल्ले बल्लेबाजों ने भी टीम को निराश किया।
मिचेल जॉनसन (1), अनुरीत सिंह (0), करनवीर सिंह (4) और संदीप शर्मा (7) भी सस्ते में निपट गए। अक्षर पटेल ने सबसे ज्यादा नाबाद 40 रन बनाए और नाबाद लौटे।
जिस मैदान पर आरसीबी के बल्लेबाजों ने 227 रनों का विशाल लक्ष्य रखा उसी मैदान पर पंजाब के बल्लेबाज टिक नहीं सके और उसके लिए सबसे खराब बात यह रही कि 11 में से 9 बल्लेबाज दहाई की कौन कहे 7-7 रन भी नहीं बना सके।
अरविंद के 4 विकेट के अलावा स्टॉर्क ने भी 4 विकेट झटके। जबकि पटेल और यजुवेंद्र चहल को भी एक-एक सफलता मिली।