आईपीएल-8 के 48वें रोमांचक मुकाबले में हैदराबाद सनराइजर्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को 5 रनों से मात दी। इस मैच के बाद हैदराबाद 7 जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर को पीछे कर अंकतालिका में चौथे नंबर पर आ गई है। वहीं, पंजाब की यह दसवीं हार है। पंजाब 4 अंकों के साथ सबसे नीचे पायदान में है।
हैदराबाद के 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 185 रनों के जवाब में पंजाब की पूरी टीम 20 ओवर में 7 विकेट 180 रन ही बना सकी।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
हैदराबाद के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत ठीक रही। टीम के दोनों ओपनर्स मुरली विजय (28) और मनन वोहरा (20) ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। लेकिन फिर यकायक टीम को बड़े झटके मिले। पहले 5वें ओवर में विजय और 7वें ओवर में वोहरा के रुप में दोनों ओपनर्स के विकेट गंवाए। इस बार बड़ी पारी की उम्मीद लिए ग्लेन मैक्सवेल (11) फिर फ्लॉप साबित हुए और सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। अगले ओवर में पंजाब ने रिद्दिमन साहा (5) के रुप में अपना चौथा विकेट गंवाया।
फिर टीम की कमान संभालने खुद पहुंचे टीम के कप्तान जॉर्ज बैली (6) ने भी जल्दी ही पवेलियन की राह पकड़ी। हालांकि इस बीच 14वें ओवर में डेविड मिलर के दो छक्कों से पंजाब के फेंस के चेहरों में कुछ देर के लिए खुशियां जरुर आई। पर अगले ही ओवर में गुरक्रीज सिंह (3) तेज गेंदबाज हेनरीक्यू का तीसरा और हैदराबाद का छठा शिकार बने।
हालांकि एक छोर से मिलर (नाबाद 89) टिके रहे। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अक्षर पटेल (15) ने उनके साथ तेजी से रन बटोरे, कई बड़े हिट भी लगाए। 18वें ओवर में मिलर ने छक्का लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की। दोनों ने आखिर में छक्के और चौकों की बरसात जारी रखी। लेकिन 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर पटेल के रुप में पंजाब ने सातवां विकेट गंवाया। आखिर तक मिलर ने हार नहीं मानी, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। आखिरी ओवर में मिलर ने 3 छक्के और 1 चौके लगाए। अपनी पूरी पारी में मिलर ने 44 गेंदों में 9 छक्के और 1 चौके लगाए।