सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए पुछल्ले बल्लेबाज एल्टन चिगुंबुरा (नाबाद 54) ने अंतिम ओवरों में विस्फोटक पारी खेलकर जिम्बाब्वे के स्कोर को 170 तक पहुंचा दिया वरना यह मैच भी वनडे सीरीज की तरह ही एकतरफा दिख रहा था। (स्कोरकार्ड)
टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में बिना किसी खास चुनौती के जिम्बाब्वे पर क्लीन स्वीप किया था, लेकिन आज पहले टी-20 मैच में भारत की युवा टीम को उलटफेर का सामना करना पड़ गया। वो भी तब जब अंतिम ओवर में क्रीज पर कप्तान धोनी थे और टीम को 6 गेंदों में 8 रन चाहिए थे लेकिन भारत लक्ष्य से 2 रन पीछे रह गया। अंतिम गेंद धोनी ने खेली लेकिन आज वह अपना जादू नहीं दिखा पाए। वह 17 गेंदों में 19 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे। मेजबान टीम से मिले 171 रनों के लक्ष्य के जबाव में भारतीय टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रन ही बना सकी।
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और पहली ही गेंद पर लोकेश राहुल (0) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद 53 रन तक उसके 2 और बल्लेबाज (अंबाती रायडु 19 और मंदीप सिंह 31) पवेलियन लौट गए। अगले बल्लेबाज केदार जाधव भी 19 रन बनाकर चलते बने।
हालांकि फिर मनीष पांडे (48) ने कप्तान धोनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 53 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब ले गए। लेकिन 18वें ओवर में मनीष और अंतिम ओवर में अक्षर पटेल के आउट होने के बाद मैच भारत के हाथ से निकल गया।
इससे पहले मेजबान टीम ने एल्टन चिगुंबुरा (नाबाद 54 रन, 26 गेंद, 1 चौका और 7 छक्का) की विस्फोटक पारी के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। भारतीय टीम में आज के मैच से 5 नवोदित क्रिकेटरों लोकेश राहुल, मंदीप सिंह, रिषि धवन, जयदेव उनादकट और यजुवेंद्र चहल ने अपने टी-20 करियर का आगाज किया। 3 मैचों की सीरीज में मेजबान टीम ने 1-0 की बढ़त बना ली है।