एंटिगा टेस्ट मैच के तीसरे दिन ही भारत ने मेजबान वेस्टइंडीज पर खासा दबाव बना दिया और उसे फॉलोआन के लिए मजबूर कर दिया। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उमेश यादव ने पहली पारी में 4-4 विकेट झटककर मेजबान टीम को 243 रनों पर समेट दिया। इसके बाद भारत ने उसे फॉलोआन कराया। लाइव स्कोरकार्ड
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में भी एक विकेट गंवा दिया और स्टंप्स तक स्कोर एक विकेट पर 21 रन हो गया था। दूसरी पारी में पहला विकेट इशांत शर्मा ने लिया। पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम अभी भी भारत से 302 रन पीछे है।
इससे पहले एंटिगा में सीरीज के पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन मेजबान टीम से उम्मीद थी कि वह अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाएगी लेकिन मोहम्मद शमी के झटकों के आगे कैरेबियाई बल्लेबाज बिल्कुल असहाय नजर आए और टीम के 5 विकेट महज 92 रन पर ही गिर गए। फिर टीम संभल नहीं सकी। शमी ने शीर्ष क्रम को तोड़ा तो उमेश यादव ने निचले क्रम को। यादव को भी 4 विकेट मिले जबकि 2 विकेट अमित मिश्रा के खाते में गए।