सेमीफाइनल मुकाबले में जहां किसी भी तरह की गलती की कोई गुंजाइश नहीं होती, ऐसे में टीम इंडिया की ओर से 2 ऐसे नोबॉल डाले गए जिसमें बल्लेबाज कैच आउट हो गया था लेकिन उन्हें जीवनदान मिला जिससे भारत की राह मुश्किल हो गई और उसे अपना सफर यहीं पर खत्म करना पड़ा।
पूरा स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में क्रिस गेल को छोड़ दिया जाए तो दोनों टीमों के बल्लेबाज खूब चले और कैरेबियाई टीम ने 2 गेंद शेष रहते 7 विकेट से मैच जीत लिया। इस जीत के साथ ही विंडीज की टीम फाइनल में पहुंच गई है जहां उसका सामना रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डंस में इंग्लैंड से होगा जिसने न्यूजीलैंड को हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई थी।
आज सेमीफाइनल में भी विराट कोहली का बल्ला चला और टूर्नामेंट में उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दम पर टीम इंडिया ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 192 रन बनाए। उन्होंने भारत के लिए 89 रनों की अविजित पारी खेली। इस वर्ल्ड कप में उनकी यह तीसरी फिफ्टी है। इससे पहले उन्होंने दूसरे विकेट के लिए अजिंक्य रहाणे के साथ 8.1 ओवर में 66 रनों की साझेदारी की। फिर कोहली ने कप्तान धोनी (15 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 4.3 ओवर में अविजित 64 रनों की साझेदारी की। कोहली के अलावा अजिंक्य रहाणे ने 35 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली।
वेस्टइंडीज ने 193 रनों का लक्ष्य 2 गेंद और 7 विकेट रहते 19.4 ओवर में 196 रन बनाते हुए जीत हासिल कर लिया। उसकी ओर से लिंडस सिमंस ने नाबाद 83 रनों की पारी खेली जबकि जोनसन चार्ल्स ने 52 रन बनाए। वेस्टइंडीज दूसरी बार फाइनल में पहुंचा है।
कोहली ने खेली 'विराट' पारी, लगाए 11 चौके एक छक्का
- फोटो : reuters
पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के दोनों ओपनरों रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे ने धमाकेदार शुरुआत की। रोहित ने तीसरे ओवर में छक्के के साथ मैच में अपनी और टीम की पहली बाउंड्री लगाई। इसके बाद रोहित नहीं रुके और उन्होंने कैरेबियाई गेंदबाजों के बॉल की धुनाई करनी शुरू की। 6 वें ओवर में भारत ने पचास रन पूरे कर लिए।
खतरनाक लग रहे रोहित (43 रन, 31 गेंद) सैमुअल बद्री के ओवर में पगबाधा आउट हुए। रोहित ने अपनी पारी में 3 छक्के और 3 चौके लगाए। उन्होंने पहले विकेट के लिए रहाणे के साथ 62 रन जोड़े।
क्रीज पर नए बल्लेबाज के रुप में पहुंचे विराट कोहली 9 वें ओवर में ही तीन बार रनआउट होते बाल-बाल बचे। जीवनदान के कोहली ने फिर अगला मौका आसानी से नहीं दिया। 13 वें ओवर में टीम इंडिया ने 100 का आंकड़ा पार किया। 16 वें ओवर में रहाणे बाउंड्री पर कैच आउट हुए। रहाणे के बल्ले से 40 रन निकले। इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर पहुंचे।
17वें ओवर में कोहली ने अपने पचास रन पूरे किए। उन्होंने यह कारनामा महज 33 गेंदों में पूरा किया। डेथ ओवरों में कोहली (नाबाद ) ने हाथ खोलने शुरू किए। 19 वें ओवर में कोहली ने 2 बाउंड्री के साथ मैच में अपना पहला छक्का लगाया। इस ओवर में टीम ने 19 रन निकाले। आखिर ओवर में कोहली को बाउंड्री पर एक और जीवनदान मिला।
जसप्रीत बुमराह ने भारत को दिलाई सबसे बड़ी सफलता
- फोटो : reuters
टीम इंडिया से मिले तगड़े लक्ष्य के जवाब में वेस्टइंडीज को अपनी पारंपरिक शुरुआत नहीं मिली। टीम के सबसे खतरनाक बल्लेबाज क्रिस गेल (5) सिर्फ एक चौका लगाकर दूसरे ओवर में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का शिकार हुए। बुमराह ने गेल को बोल्ड किया। टीम को दूसरी सफलता जल्दी ही दूसरे तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने दिलाई।
हालांकि दो सफलताए जल्दी मिल जाने के बाद टीम के दूसरे ओपनर जोनाथन चार्ल्स और लिंडल सिमंस ने हार नहीं मानी और
अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। दोनों ने रनों का औसत 9 से ऊपर बनाए रखा। 12 वें ओवर में चार्ल्स ने अपनी फिफ्टी पूरी की। इसी ओवर में टीम ने 100 का आंकड़ा भी पार किया। 14 वें ओवर में कोहली ने गेंदबाजी संभाली और पहली ही गेंद पर चार्ल्स का विकेट लिया और 97 रनों की साझेदारी तोड़ी।
अगले बल्लेबाज के रुप में ऑलराउंडर आंद्रे रसैल ने आते ही धमाकेदार बल्लेबाजी करनी शुरू कर दी। 15 वें ओवर में सिमंस को एक जीवनदान मिला। हार्दिक ने नो बॉल फेंकी और कैच के बावजूद टीम को विकेट भी नहीं मिला।
डेथ ओवरों में आशीष नेहरा और जसप्रीत बुमराह को लगाया लेकिन काम नहीं आया। दोनों बल्लेबाजों ने 28 गेंदों में फिफ्टी रनों की साझेदारी पूरी की। अब 12 गेंदों में कैरेबियाई टीम को सिर्फ 20 रन की जरूरत थी। लेकिन कैरेबियाई टीम ने 2 गेंद रहते मैच अपने नाम किया।